
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग में हरियाणा से 4 अरेस्ट, बिश्नोई गैंग के संपर्क में था शूटर
AajTak
रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच और स्पेशल टास्क फोर्स ने एक बड़ी सफलता हासिल की. उन्होंने उन चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनका डायरेक्टर के घर पर फायरिंग में पूरा हाथ था.
डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है. मुंबई क्राइम ब्रांच और स्पेशल टास्क फोर्स ने हरियाणा के बहादुरगढ़ से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. ये एक जॉइंट ऑपरेशन था, जिसमें उन्हें सफलता हासिल हुई है. उन चार आरोपियों को मुंबई पुलिस अपने साथ मुंबई शहर लेकर आ रही है.
पकड़े गए रोहित शेट्टी फायरिं केस में चार आरोपी
हरियाणा STF के एसपी विक्रांत भूषण ने कहा- मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने हमसे संपर्क किया था. मुंबई में रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई थी. हरियाणा STF और मुंबई पुलिस ने मिलकर बहादुरगढ़ से 4 आरोपी पकड़े. दीपक मेन शूटर था, विदेश में बैठे हरि बॉक्सर और आरजू बिश्नोई से संपर्क में था. जानकारी मिली है कि अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल हुआ था फायरिंग में. चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. बाकी जानकारी मुंबई पुलिस देगी.
आरोपी दीपक ने डायरेक्टर के घर पर गोली चलाई थी. उसके बाकी साथी सन्नी और सोनू ने रोहित के घर के बाहर रेकी की थी. फिर आरोपी ऋतिक ने दीपक और उसके सीथी की छुपने में मदद की. अभी तक रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में लगभग 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पहले सात लोगों को पुणे और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था. फिर 15 जनवरी को 4 आरोपी हरियाणा और राजस्थान के बॉर्डर पर गिरफ्तार किए गए.
कैसे हुई फायरिंग की प्लानिंग?
बहादुरगढ़ से पकड़ा गया मेन शूटर दीपक विदेश में बैठे लारेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर हरि बॉक्सर और आरजू बिश्नोई से सीधे संपर्क में था. हरि और आरजू ने दीपक को रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने का टास्क दिया था. दीपक सोशल मीडिया के जरिए आरजू बिश्नोई के संपर्क में आया था, आरजू विदेश में मौजूद है. आरजू ने शुभम लोनकर, जो बाबा सिद्दीकी केस में वांटेड है, उससे बातचीत की. फिर उसके बाद रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का प्लान बनाया. दीपक को 50 हजार रुपए फायरिंग के लिए मिले थे. जिसके बाद और पैसे मिलने वाले थे.













