
34 साल पुराने अरेबियन गाने DIDI की कहानी, जिस पर रणवीर ने मारी धुरंधर एंट्री
AajTak
रणवीर सिंह का एंट्री ट्रैक, 'शेर-ए-बलोच', अक्षय खन्ना के 'धुरंधर 2' वाले ट्रैक जैसा ही है. जहां पहली किस्त में Flipperachi का 'FA9LA' दिखाया गया था, वहीं नई रिलीज में 'Didi' नाम का एक अरबी गाना है. जानिए ये गाना किसका है.
फिल्म 'धुरंधर' में अक्षय खन्ना का 'शेर-ए-बलूच' वाला अंदाज आज भी सिनेमा प्रेमियों के जेहन में ताजा है. बहरीनी कलाकार फ्लिपराची के सुपरहिट ट्रैक 'FA9LA' पर उनकी वह जादुई एंट्री और बलूच कैंप में अचानक किया गया उनका डांस सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. लेकिन अब कहानी अक्षय से सीधे रणवीर सिंह पर पहुंच गई है.
ये सभी को पता है कि 'धुरंधर 2' में अक्षय खन्ना का किरदार 'रहमान डकैत' खत्म हो चुका है, और अब सत्ता की कमान रणवीर सिंह के हाथों में है. रणवीर का किरदार 'जसकीरत सिंह रंगी' (जिसे हमजा अली मजारी के नाम से भी जाना जाता है) अब नया 'शेर-ए-बलूच' बनकर पर्दे पर तहलका मचा रहे हैं. उनकी एंट्री का दृश्य बिल्कुल अक्षय खन्ना की याद दिलाता है, लेकिन इस बार म्यूजिक और तेवर दोनों ही एकदम नए और जुदा हैं.
34 साल पुराना गाना सुनाई दिया 'धुरंधर' के पहले भाग में अक्षय खन्ना को अपना एक खास एंथम मिला था, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया था. फिल्म के सीक्वल में अब यही रुतबा रणवीर सिंह को दिया गया है. रहमान डकैत की ही तरह काले लिबास में जब हमजा की कैंप में एंट्री होती है, तो वहां उसका स्वागत एक बेहद ऊर्जावान परफॉर्मेंस के साथ किया जाता है. दिलचस्प बात यह है कि इस बार 'FA9LA' की जगह एक 34 साल पुराने अरबी ट्रैक 'Didi' को चुना गया है, जिसे अल्जीरियाई दिग्गज कलाकार 'Khaled' ने तैयार किया है.
क्या है 'Didi' गाने का इतिहास? अल्जीरिया के मशहूर सिंगर खालिद हदज इब्राहिम को दुनिया भर में उनके 'raï' म्यूजिक के लिए जाना जाता है, जो अक्सर प्यार और शांति की बात करता है. उनका गाना 'Didi' पहली बार 1992 में रिलीज हुआ था, जिसमें दो लोगों के अटूट रिश्ते की कहानी बयां की गई थी. अब करीब 34 साल बाद 'धुरंधर 2' की वजह से यह गाना एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है.
'Didi' का अर्थ यहां 'ले जाओ' (Take) के संदर्भ में इस्तेमाल हुआ है. यह गाना अपने समय का ग्लोबल चार्टबस्टर रहा है और 2010 FIFA विश्व कप के दौरान भी इसे काफी फेमस हुआ था.
इंडियन सिनेमा से 'Didi' का पुराना नाता हालांकि इंडियन ऑडियंस के लिए 'Didi' की धुन नई नहीं है. ये हिंदी फिल्मों में पहले भी कई बार देखा गया है. 1994 में बप्पी लाहिड़ी ने फिल्म 'ब्रह्मा' के गाने 'सुनो सुनो मेरी रानी जी' में इसकी झलक दिखाई थी. यहां तक कि 1995 की मलयालम फिल्म 'हाईवे' में सिल्क स्मिता पर फिल्माए गए एक दृश्य में ओरिजिनल गाना भी इस्तेमाल हुआ था. 2000 में आई गोविंदा और रानी मुखर्जी की मूवी 'हद कर दी आपने' में भी सुनाई दिया था.













