
'धुरंधर 2' में 'बड़े साब' बनकर छाया एक्टर, तैयार होने में लगते थे 10 घंटे, बोला- हिल भी नहीं सकता था
AajTak
अब आखिरकार 'धुरंधर: द रिवेंज' के साथ 'बड़े साब' का राज भी खुल गया है. फिल्म में दाऊद इब्राहिम को 'बड़े साब' कहा गया है. इस किरदार को एक्टर दानिश इकबाल ने निभाया है. इकबाल ने बताया कि उन्हें अपने किरदार में ढलने में 10 घंटे से ज्यादा का वक्त लगता था. साथ ही उन्होंने रणवीर सिंह की तारीफ की.
साल 2025 में फिल्म 'धुरंधर' रिलीज होने के बाद से फैंस के मन में बड़ा सवाल था कि आखिर बड़े साब कौन है? सभी जानना चाहते थे कि भारत के खिलाफ आतंकी साजिशों के पीछे की ताकत किसके हाथ में है? सलमान खान से लेकर इमरान हाशमी तक, इस किरदार के लिए कई एक्टर्स के नामों की अटकलें लगाई जा रही थीं. अब आखिरकार 'धुरंधर: द रिवेंज' के साथ ये राज भी खुल गया है. फिल्म में दाऊद इब्राहिम को 'बड़े साब' कहा गया है. इस किरदार को एक्टर दानिश इकबाल ने निभाया है.
इंडिया टुडे/आजतक से एक्सक्लूसिव बातचीत में एक्टर दानिश इकबाल ने बताया कि वे फिलहाल फिल्म और अपनी परफॉरमेंस को मिल रही तारीफों में सराबोर हैं. उन्होंने हंसते हुए कहा, 'यह बिल्कुल कमाल का अनुभव है. खासकर इसलिए क्योंकि इस किरदार को लेकर बहुत सारी उत्सुकता थी. सच कहूं तो पिछले तीन महीनों में कई बार ऐसा हुआ जब मैं हाथ उठाकर कहना चाहता था, 'मैं ही बड़ा साब हूं'. मैं चाहता था कि दुनिया को पता चले, लेकिन अपनी कमिटमेंट के कारण बंधा हुआ था.'
कब की थी धुरंधर 2 की शूटिंग?
दानिश ने बताया कि उन्होंने फिल्म की शूटिंग 2024 में की थी. कुछ सीन पिछले साल भी शूट हुए. शूटिंग का अनुभव यादगार रहा, लेकिन खुद को उस किरदार में देखना उनके लिए पूरी तरह अलग था. दानिश ने कहा कि पहले भी कई एक्टर्स ने दाऊद का किरदार निभाया है, लेकिन यह सिर्फ लुक्स की बात नहीं थी, बल्कि अपने अंदाज को इसमें जोड़ने की भी थी. एक्टर ने कहा, 'आपको अपनी इंटेंसिटी, कुछ छोटी-छोटी डिटेल्स जोड़नी पड़ती हैं... और मैंने इसी पर फोकस किया. मैं एक ट्रेंड एक्टर हूं, और मुझे पता है कि ऐसी परिस्थितियों को कैसे हैंडल करना है. और फिर बेशक, आदित्य सर पास थे, उनकी गाइडेंस में मुझे लगता है हमने अच्छा काम किया.'
रणवीर-आदित्य की तारीफ में क्या बोले एक्टर?
एक्टर ने रणवीर सिंह की परफॉरमेंस को 'अद्भुत' बताया और उनकी जमकर तारीफ की. इकबाल ने कहा कि उन्होंने रणवीर को 'पद्मावत' जैसी फिल्मों में देखा था, और अचानक उनके साथ सेट पर होना अविश्वसनीय लग रहा था. उन्होंने अर्जुन रामपाल की भी सराहना की और बताया कि उन्होंने सीन में कितना चार्म और ऑरा लाया. इकबाल ने कहा, 'बेशक उनके बीच होना यादगार है. लेकिन ईमानदारी से कहूं तो जब आप कैरेक्टर बन जाते हैं, तो सब कुछ भूल जाते हैं. लेकिन वे सभी बहुत अच्छे, गर्मजोशी भरे और शानदार इंसान हैं.'













