
'धुरंधर 2' की सुनामी में बहेगा 'पुष्पा 2' का ऑल टाइम रिकॉर्ड, आ रही है हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग!
AajTak
‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर डाइनमाइट बन चुकी है और अब इसकी नजर ‘पुष्पा 2’ का ऑल टाइम रिकॉर्ड तबाह करने पर है. रणवीर सिंह की फिल्म सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार है, और वो भी बहुत बड़े अंतर से! आउटसाइड चांस ये भी है कि हिंदी में पहली बार 100 करोड़ ओपनिंग आ सकती है.
थिएटर के बाहर चेक-इन की लाइनें, हाउसफुल होते शोज और टिकट सेल्स के रिकॉर्ड... 'धुरंधर 2' डाइनमाइट बन चुकी है! रणवीर सिंह की फिल्म के धमाके बुधवार से ही सुनाई देने लगे, जब प्रीव्यू शोज हाउसफुल होने लगे. पर 'धुरंधर 2' का सबसे बड़ा धमाका अभी बाकी है. गुरुवार को ये जैसी भीड़ जुटा रही है, उससे ये आहट मिल रही है कि इसके ओपनिंग कलेक्शन की गूंज नॉर्थ से साउथ तक सुनाई देगी. अल्लू अर्जुन का सबसे बड़ी ओपनिंग का ऑल टाइम रिकॉर्ड खतरे में है क्योंकि अगर 'पुष्पा 2' वाइल्ड-फायर थी, तो 'धुरंधर 2' हाइड्रोजन बम बन गई है!
'धुरंधर 2' के निशाने पर सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग हिंदी फिल्मों के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' के नाम है. इसने शाहरुख खान की 'जवान' को पछाड़ते हुए ये रिकॉर्ड बनाया था. 'जवान' ने 2023 में 65 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन करके सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाया था. साउथ से आई 'पुष्पा 2' ने 'हिंदी फिल्म इंडस्ट्री' कहलाने वाले बॉलीवुड से ये रिकॉर्ड छीन लिया था.
पांच भाषाओं में रिलीज हुई 'पुष्पा 2' ने सिर्फ हिंदी से ही पहले दिन 72 करोड़ का नेट कलेक्शन कर डाला था. मगर अब 'धुरंधर 2' अल्लू अर्जुन का ये टॉप रिकॉर्ड ढेर करने की पूरी तैयारी में है. सैकनिल्क के डेटा के अनुसार, गुरुवार शाम 4 बजे तक 'धुरंधर 2' करीब 45 करोड़ नेट कलेक्शन कर चुकी है. जिसमें सिर्फ हिंदी कलेक्शन का शेयर ही कम से कम 42 करोड़ से ज्यादा होगा.
अभी आधा गुरुवार बाकी है. 'धुरंधर 2' के आखिरी शो रात को 11 बजकर 55 मिनट तक के हैं. शाम और रात के शोज भरने लगे हैं. अधिकतर जगहों पर लास्ट शोज भी एडवांस में ही 50-60 प्रतिशत भरे नजर आ रहे हैं. क्रिटिक्स के रिव्यूज और जनता से मिल रहा वर्ड ऑफ माउथ इतना तगड़ा है कि स्पॉट बुकिंग्स में भी टिकटों की घनघोर डिमांड है. ये सारे फैक्टर बताते हैं कि 'धुरंधर 2' का कलेक्शन बाकी बचे आधे दिन में डबल भी हो सकता है. ऐसा नहीं भी होता, तो ये रिपोर्ट लिखे जाने तक 'पुष्पा 2' के रिकॉर्ड से 'धुरंधर 2' सिर्फ 29 करोड़ पीछे है.
अगर बचे हुए आधे दिन में 'धुरंधर 2' का कलेक्शन डबल होता है तो 85 करोड़ का आंकड़ा पार हो जाएगा. ये 'पुष्पा 2' के ऑल टाइम रिकॉर्ड से भी बहुत आगे की बात होगी. 'धुरंधर 2' का क्रेज जिस लेवल पर है, वो 'बाहुबली 2' के बाद कुछ हद तक 'पुष्पा 2' ने ही देखा था. लेकिन कई लोकेशंस पर 'धुरंधर 2' का भौकाल 'बाहुबली 2' से भी तगड़ा नजर आ रहा है.
अब ये सिर्फ एक फिल्म नहीं बची है, एक ग्रैंड पॉप कल्चर इवेंट में बदल चुकी है, जिसे कोई मिस नहीं करना चाहता. दर्शकों की ये कुलबुलाहट 'धुरंधर 2' के क्रेज को ईंधन दे रही है. ये फ्यूल इसी तरह पंप होता रहा तो 85 करोड़ भी पीछे छूट सकता है. क्या 'धुरंधर 2' सिर्फ हिंदी में ही 100 करोड़ का आंकड़ा छू सकती है? ये जानने के लिए नजर और सब्र बनाए रखें!













