
'धुरंधर 2' ने आधे दिन में तोड़ा 'बॉर्डर 2' का रिकॉर्ड! 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग रणवीर के नाम
AajTak
‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के कुछ ही घंटों में बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है. आधे दिन में 30 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन करके फिल्म ने ‘बॉर्डर 2’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया और 2026 की सबसे बड़ी ओपनर बन गई. क्या ये फिल्म पहले ही दिन 100 करोड़ का रिकॉर्ड बना पाएगी?
'धुरंधर 2' जब अनाउंस हुई थी तभी से लगभग तय था कि ये बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने वाली है. आदित्य धर की फिल्म रिलीज होते ही सिर्फ आधे दिन में सुनामी मोड में आ चुकी है. गुरुवार दोपहर से ही 'धुरंधर 2' ने एक घंटे में एक लाख टिकट बेचने के रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए. इसी के साथ तय हो गया कि 'धुरंधर 2' पहले ही दिन से कई बड़े रिकॉर्ड्स ढेर करने जा रही है. और बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का ये मिशन शुरू हो चुका है.
'धुरंधर 2' की धमाकेदार शुरुआत रणवीर सिंह की फिल्म के लिए एडवांस बुकिंग ही इतनी दमदार थी कि आधे रिकॉर्ड तो इसी से टूटने लगे. ओपनिंग डे के लिए 50 करोड़ से ज्यादा एडवांस ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी 'धुरंधर 2' से पहले दिन 100 करोड़ नेट कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है. गुरुवार दोपहर तक इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन इस रिकॉर्ड के लिए तैयार नजर आ रहा है.
'धुरंधर 2' ने 19 मार्च को आधे दिन में ही 30 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और तीन महीने पहले आई 'धुरंधर' के ओपनिंग कलेक्शन (28.60 करोड़ नेट) से ज्यादा कमाई कर डाली है. सैकनिल्क के अनुसार, 'धुरंधर 2' ने आधे दिन में ही करीब 33 करोड़ नेट कलेक्शन कर लिया है.
आधे दिन में टूटा 'बॉर्डर 2' का रिकॉर्ड गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज हुई सनी देओल की 'बॉर्डर 2' अभी तक 2026 की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म थी. इसका फर्स्ट डे कलेक्शन 32.10 करोड़ था. 'धुरंधर 2' ने रिलीज होते ही सिर्फ आधे दिन में 'बॉर्डर 2' को पीछे छोड़ दिया है. रणवीर सिंह की फिल्म अब साल की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन चुकी है, वो भी पहला दिन खत्म होने से पहले. रिलीज से पहले बुधवार को हुए प्रीव्यूज से 'धुरंधर 2' ने 43 करोड़ नेट कलेक्शन किया था. यानी ये रिपोर्ट लिखे जाने तक, प्रीव्यूज मिलाकर 'धुरंधर 2' ने 75 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन कर लिया है.
'धुरंधर 2' का क्रेज बॉक्स ऑफिस पर फायर बन चुका है और थिएटर्स के दोपहर बाद के शोज फास्ट-फिलिंग मोड में आ चुके हैं. पॉजिटिव रिव्यूज और वर्ड ऑफ माउथ फिल्म की एडवांस बुकिंग का ईंधन बन गया है. बुकिंग बता रही है कि शाम और रात के शोज में 'धुरंधर 2' के शोज में जबरदस्त भीड़ जुटने वाली है.
आधे दिन में ही 2026 की सबसे बड़ी ओपनर बन चुकी 'धुरंधर 2' कितने दिनों तक ये रिकॉर्ड अपने नाम रख पाएगी, ये गुरुवार के फाइनल कलेक्शन पर डिपेंड करेगा. अब देखना है कि रणवीर की फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स का क्या हश्र करती है.













