
राजस्थान की राजकुमारी ने रच दिया इतिहास, सबसे कम उम्र में क्रैक किया CA का एग्जाम
ABP News
राजकुमारी ने यह उपलब्धि महज 19 साल और 126 दिन की आयु में हासिल की, जिससे उन्होंने पहले से मौजूद रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड मध्य प्रदेश के मुरैना की नंदिनी अग्रवाल के नाम था.
राजस्थान की शेखावाटी की धरती ने एक बार फिर अपने हुनर और प्रतिभा का परिचय देशभर में दिया है. झुंझुनूं जिले की मेधावी छात्रा राजकुमारी पारीक ने यह साबित कर दिया कि अगर मेहनत और लगन साथ हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं, राजकुमारी ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) फाइनल परीक्षा पास कर नया इतिहास रच दिया और देश की सबसे कम उम्र की महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का गौरव हासिल किया.
राजकुमारी ने यह उपलब्धि महज 19 साल और 126 दिन की आयु में हासिल की, जिससे उन्होंने पहले से मौजूद रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड मध्य प्रदेश के मुरैना की नंदिनी अग्रवाल के नाम था, जिन्होंने लगभग 19 साल और 330 दिन की उम्र में CA फाइनल पास किया था. राजकुमारी ने इस रिकॉर्ड को तोड़कर अपने छोटे से शहर झुंझुनूं से देशभर में अपनी पहचान बना दी.
शुरुआती जीवन और शिक्षा
राजकुमारी पारीक का जन्म और पालन-पोषण झुंझुनूं के श्यामनगर, गुढ़ा रोड में हुआ. उनके पिता हेमंत कुमार पारीक अरुणाचल प्रदेश में मोटर पार्ट्स के व्यापारी हैं और माता सावित्री देवी हाउस वाइफ हैं. राजकुमारी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा झुंझुनूं में ही पूरी की, इसके बाद उन्होंने सेठ मोतीलाल पीजी कॉलेज, झुंझुनूं से उच्च शिक्षा ग्रहण की, उनके शैक्षिक सफर की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रशिक्षण का अधिकांश समय अपने गृह जिले में ही बिताया.













