
यूपी में एक बार फिर जुटेंगी प्रियंका गांधी, 2024 के लिए तैयार करेंगी रणनीति
ABP News
सूत्रों के मुताबिक विधानसभा चुनाव में हार की समीक्षा और संगठन में कुछ अहम बदलाव समेत भविष्य की रणनीति बनाने के लिए प्रियंका जल्दी ही उत्तर प्रदेश का दौरा भी कर सकती हैं.
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली हार के बावजूद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी यूपी से अपना ध्यान हटाने वाली नहीं हैं. एबीपी न्यूज़ को विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी ने अभी से ही 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी ने रविवार को हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में उत्तर प्रदेश में मिली हार की वजह का आकलन तो दिया मगर वो कार्यसमिति की बैठक से पहले ही यूपी को लेकर घंटों बैठक करके आईं थी. सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी ने इस बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए ब्लू प्रिंट भी तैयार किया है.













