
यूपी एसटीएफ ने सपा प्रवक्ता मनोज यादव को किया गिरफ्तार, बाराबंकी कोर्ट में होगी पेशी
ABP News
UP News: लखनऊ एसटीएफ ने सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को बाराबंकी के सफदरगंज से हिरासत में लिया. धमकी और जातिसूचक शब्दों के मामले में मुकदमा दर्ज था.
उत्तर प्रदेश की सियासत में शुक्रवार (13 फरवरी) को उस वक्त हलचल मच गई जब लखनऊ एसटीएफ की विशेष टीम ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि मनोज यादव पिछले दो दिनों से लापता थे और पार्टी की ओर से उनकी तलाश को लेकर चिंता जताई जा रही थी.
जानकारी के मुताबिक एसटीएफ ने मनोज यादव को उस समय पकड़ा जब वे अपने कुछ साथियों के साथ सफदरगंज इलाके से गुजर रहे थे. गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम उन्हें बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां उनका अनिवार्य मेडिकल परीक्षण कराया गया. इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हो गई. बताया जा रहा है कि कुछ देर में उन्हें बाराबंकी कोर्ट में पेश किया जाएगा.
बाराबंकी पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक, 11 फरवरी को थाना सफदरगंज पर धमकी देने, जाति सूचक शब्द बोलने आरोपों पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था. आज शुक्रवार (13 फरवरी) को थाना सफदरगंज पुलिस द्वारा मनोज बाराबंकी से गिरफ्तार किया. बताया जा रहा है कि एसटीएफ ने उन्हें पकड़ने के बाद सफदरगंज पुलिस को सुपुर्द कर दिया.
इससे पहले समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी थी कि समाजवादी पार्टी के टीवी पैनलिस्ट मनोज यादव लापता हैं. यह अत्यंत चिंताजनक और गंभीर विषय है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन तेज करे. उनके साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो.













