
मैक्रों, लूला, रामगुलाम से लेकर UAE के क्राउन प्रिंस तक... दिल्ली के AI समिट में शामिल होंगे दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गज
ABP News
India AI Impact Summit 2026: समिट के जरिए भारत संदेश दे रहा कि AI सिर्फ अमीर देशों की तकनीक नहीं, बल्कि विकासशील देशों के लिए भी मौका है. भारत अब AI की ग्लोबल बहस में लीड रोल निभाने की तैयारी में है.
भारत की राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में अगले हफ्ते सोमवार से शुक्रवार (16 से 20 फरवरी, 2026) तक इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 का आयोजन होने जा रहा है. इस समिट में शामिल होने के लिए दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, प्रधानमंत्री, नीति निर्माता, टेक लीडर्स और AI एक्सपर्ट भारत पहुंचेंगे.
सरकार के मुताबिक, यह समिट तीन बड़े सूत्रों पर आधारित होगी, जिसमें People (लोग), Planet (धरती) और Progress (विकास) शामिल हैं. यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं, बल्कि आम लोगों की जिंदगी सुधारने का जरिया बने और एआई को इंसान, धरती और विकास के लिए कैसे इस्तेमाल किया जाए.
क्यों खास है यह समिट?
नई दिल्ली में होने वाला यह इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 कई मायनों में बेहद खास है. इसमें AI पर वैश्विक नियमों और एथिक्स पर चर्चा, हेल्थ, एजुकेशन, ट्रैफिक, गवर्नेंस में AI का इस्तेमाल, AI से नौकरियों पर असर और नए मौके और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भारत की रणनीति पर चर्चा होगी.













