
बॉर्डर 2 की आंधी में बहीं ये फिल्में, जनवरी में खराब हुआ सक्सेस रेट, फरवरी से बड़ी उम्मीदें
AajTak
बॉर्डर 2 ने तीसरे वीकेंड में 300 करोड़ पार किए, जबकि धुरंधर ने 1300 करोड़ से अधिक की कमाई की. लेकिन जनवरी में रिलीज हुई बाकी फिल्में जैसे इक्कीस, द राजा साब, हैप्पी पटेल, मायासभा और राहु केतु बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रहीं. इससे जनवरी का सक्सेस रेट खराब हुआ है.
2026 में रामायणम्, टॉक्सिक, धुरंधर 2, बैटल ऑफ गलवान जैसी बिग बजट फिल्में पाइपलाइन में हैं. इन्हें लेकर ऑडियंस में क्रेज है. लेकिन साल के पहले महीने की शुरुआत कुछ खास नहीं रही है. मतलब ये कि जनवरी की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट देखें तो बॉर्डर 2 को छोड़कर किसी फिल्म का डंका नहीं बजा है. दिसंबर में रिलीज हुई धुरंधर का जनवरी में भी बोलबाला दिखा. बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ धुरंधर और बॉर्डर 2 की आंधी चली. इस बीच आई दूसरी फिल्में गर्दा नहीं उड़ा पाईं.
धुरंधर-बॉर्डर 2 का दिखा दम बॉर्डर 2 ने तीसरे वीकेंड में इंडिया में आसानी से 300 करोड़ पार कर लिए हैं. इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 458 करोड़ बताया जा रहा है. वहीं रणवीर सिंह की पावर पैक्ड मूवी धुरंधर 9वें वीकेंड में भी थियेटर्स में कमाई कर रही है. घरेलू मार्केट में इसका नेट कलेक्शन 894 करोड़ है. वर्ल्डवाइड मूवी ने 1300 करोड़ के ज्यादा कमा लिए हैं. इन दोनों फिल्मों की सुनामी में इक्कीस, हैप्पी पटेल, द राजा साब, राहु केतु, मायासभा ने निराश किया.
इक्कीस साल की शुरुआत 1 जनवरी को रिलीज हुई फिल्म इक्कीस से हुई. अमिताभ बच्चन के नाती अगस्तय नंदा की फिल्म इक्कीस को जोर शोर से प्रमोट किया गया था. क्योंकि ये लेजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म थी, इसलिए भी इसे पब्लिसिटी मिली. देओल फैमिली ने भी फिल्म की स्क्रीनिंग रखी. क्रिटिक्स ने फिल्म को अच्छे रिव्यूज दिए. लेकिन पॉजिटिव वर्ड माउथ भी इस फिल्म को डूबने से नहीं बचा सके. 31 करोड़ के नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के साथ ये फ्लॉप साबित हुई. इसका बजट 60 करोड़ बताया गया.
द राजा साब बाहुबली स्टार प्रभास की फिल्म द राजा साब 9 जनवरी को आई. लेकिन इसने सभी उम्मीदों को तोड़ा. फिल्म को ना क्रिटिक्स ने पसंद किया और ना ही जनता ने. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी. मूवी का इंडिया में नेट कलेक्शन 144 करोड़ रहा. 400 करोड़ के बजट में बनी मूवी ने वर्ल्डवाइड 206 करोड़ के करीब कमाए.
हैप्पी पटेल- खतरनाक जासूस 16 जनवरी को रिलीज हुई ये फिल्म कब आई और कब उतर गई, किसी को पता नहीं चला. आमिर खान के प्रोड्क्शन बैनर तले बनने की वजह से इसकी चर्चा रही. लेकिन वीर दास के डायरेक्शन में बनी ये एक्शन कॉमेडी बुरी तरह पिटी. मूवी 5.55 करोड़ के इंडिया नेट कलेक्शन पर सिमटी. दूसरी तरफ, उस वक्त धुरंधर की सुनामी बॉक्स ऑफिस पर चल रही थी. ऐसे में किसी ने इस फिल्म को भाव नहीं दिया.
मायासभा/राहु केतू साइकोलॉजिकल थ्रिलर मायासभा को क्रिटिक्स ने अच्छा रिस्पॉन्स दिया था. लेकिन इसे कमर्शियल सक्सेस नहीं मिल पाई. जावेद जाफरी के काम की तारीफ हुई. इस मूवी को तुम्बाड के फिल्ममेकर राही अनिल बर्वे ने बनाया था. बॉक्स ऑफिस पर इसका क्लैश हैप्पी पटेल और राहु केतु से हुआ था. इस वीकेंड यानी 16 जनवरी की रिलीज हुई एक भी फिल्म नहीं चली.













