
बंधुआ मजदूरी कराई, परिवार से मिलने नहीं दिया... ईंट भट्ठा मालिक पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप!
AajTak
महाराष्ट्र के पालघर में ग्रामीणों को बंधुआ मजदूरी के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि गुजरात के ईंट भट्टा मालिक ने ग्रामीणों को धमकाकर जबरन काम पर लगाया. उन्हें परिवार से मिलने नहीं दिया. महीनों बाद पीड़ित किसी तरह भाग निकले और एक एनजीओ की मदद ली. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
महाराष्ट्र के पालघर में बंधुआ मजदूरी का मामला सामने आया है. इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुजरात के एक ईंट भट्ठा मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है. आरोप है कि ईंट भट्टा मालिक ने ग्रामीणों से बंधुआ मजदूरी कराई और परिवार से मिलने भी नहीं दिया.
एजेंसी के अनुसार, पुलिस का कहना है कि पालघर के वडाखडकोना-गुरवपाड़ा गांव के कुछ ग्रामीणों को जबरन बंधुआ मजदूरी में धकेल दिया गया था. आरोप है कि नवंबर 2024 से फरवरी 2025 तक इन मजदूरों को जबरन गुजरात ले जाकर ईंट भट्ठे पर काम के लिए मजबूर किया गया. इस मामले में आरोपी की पहचान जिग्नेशभाई भगवानभाई प्रजापति के रूप में हुई है, जो गुजरात में एक ईंट भट्ठा का मालिक है. पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है.
यह भी पढ़ें: पुरुषों को भेज देते थे जंगल, महिलाओं-बच्चों से खेतों में कराते थे काम... मुक्त कराए गए 26 बंधुआ मजदूरों की कहानी!
पीड़ित मजदूरों ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन गुजरात ले जाया गया और वहां अमानवीय परिस्थितियों में काम करने के लिए मजबूर किया गया. आरोप है कि ईंट भट्टा मालिक ने उनके गांव आकर उन्हें जबरन एक वाहन में बैठाया और धमकी देकर सूरत के ईंट भट्ठे पर ले गया. मजदूरों को अपने खेतों में काम करने और परिवार से मिलने तक की अनुमति नहीं दी गई.
किसी दिन मौका पाकर पीड़ित भाग निकले और एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) की मदद ली. इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई और जांच शुरू हुई. पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. पुलिस ने इस मामले में ईंट भट्टा मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक कुमार खरात पर दुष्कर्म, शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामला एक गर्भवती महिला की शिकायत से सामने आया, जिसके बाद स्पाई कैमरे से 100 से ज्यादा वीडियो मिले. कई महिलाओं ने सालों तक शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है, जिसमें और बड़े खुलासों की आशंका है.











