
'पैर उतने फैलाओ जितनी चादर हो', राजपाल यादव को सीनियर एक्टर सुरेंद्र पाल की सलाह
AajTak
राजपाल यादव पर करोड़ों का कर्ज है, ये बात किसी से छिपी नहीं है. ऐसे में पॉपुलर टीवी एक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने भी एक्टर के चर्चित चेक बाउंस केस और कर्ज पर बात की. साथ ही राजपाल को एक सलाह भी दी.
राजपाल यादव ने पिछले दिनों कितना बुरा वक्त देखा, ये बात हर कोई जानता है. 9 करोड़ के चेक बाउंस केस के चलते उन्हें 12 दिन दिल्ली की तिहाड़ जेल में गुजारने पड़े. एक्टर के लिए इस दौरान कई बॉलीवुड सितारे और एक्टर्स आगे आए, जिन्होंने राजपाल पर चढ़ा करोड़ों का कर्ज कम करने की मदद की. उनमें से एक टीवी के पॉपुलर एक्टर सुरेंद्र पाल सिंह भी रहे, जिन्होंने राजपाल को पैसे देने का वादा किया.
राजपाल के लिए आगे आए थे सुरेंद्र पाल सिंह
सुरेंद्र पाल सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वो राजपाल की मदद करेंगे और अपना योगदान देंगे. अब हाल ही में जब वो द लल्लटॉप से बातचीत करने पहुंचे, तो वहां उनसे राजपाल को लेकर सवाल किया गया. सुरेंद्र पाल सिंह से जब पूछा गया कि क्या उस वीडियो के बाद उनकी राजपाल से कोई बात हुई? तो वो बोले, 'राजपाल यादव जी के बारे में ये कहूंगा कि वो बहुत अच्छे कलाकार हैं. मैं उन्हें बहुत अच्छे से जानता हूं, हमने कुछ फिल्में भी साथ की हैं.'
'वो बहुत अच्छा बच्चा है, किसी कारण वश उन्होंने अपने जीवन में वो फिल्म बनाने का गलत फैसला लिया है. मैंने भी फिल्म बनानी चाही, मगर मैं एक चीज सभी कलाकारों के लिए कहना चाहूंगा, जो फिल्म बनाना चाहते हैं कि वो अपनी आर्थिक स्थिति को देखकर काम करें. पैर उतने फैलाएं, जितनी बड़ी चादर हो. मैंने भी किया था, मुझे बहुत नुकसान हुआ. मैंने भोजपुरी फिल्म बनाई थी और मुझे 60 लाख रुपये का लॉस हुआ था.'
राजपाल को मिली कौनसी सलाह?
सुरेंद्र पाल बताते हैं कि जब उन्हें फिल्म बनाने से लॉस हुआ, तब उन्होंने अपनी एक जमीन बेचकर अपना कर्ज चुकाया. उनका कहना था कि इससे पहले वो किसी भी कानूनी पचड़े में फंसते, उन्होंने उससे पहले अपना सारा हिसाब पूरा कर दिया. सुरेंद्र पाल ने कहा, 'इससे पहले वो कोर्ट जाएं, मैं जेल जाऊं, मेरे बच्चे-परिवार सफर करें, मुझे वो कदम नहीं उठाना चाहिए. मैं भले ही कितना भी बड़ा टीवी का सितारा हूं, लेकिन इस तरह का फैसला लेने से पहले मुझे अपनी आर्थिक स्थिति देखनी चाहिए. तभी आगे बढ़ना चाहिए. फिल्म इंडस्ट्री में जिन-जिन लोगों ने अपनी आर्थिक स्थिति नहीं देखी, आज उनका बहुत बुरा हश्र है. वो बेघर बैठे हुए हैं.'

OTT पर हफ्ते कोई ना कोई ऐसा कंटेंट जरूर आता है, जो लोगों को अपनी सीट से बांधे रखने का काम जबरदस्त तरीके से करता है. इस हफ्ते भी कई सारी फिल्में और वेब सीरीज आई हैं, जो एंटरटेनमेंट का फुल डोज देंगी. इन फिल्मों में खूब सारा ड्रामा और थ्रिल भरा होगा, जो देखने में आपको भी मजा आएगा. चलिए एक बार इस लिस्ट पर नजर डालते हैं.












