
पार्किंग विवाद में आग में फूंकी कार, पुलिस ने 700 km तक पीछा कर 7 को पकड़ा, नेपाल भागने की थी तैयारी
AajTak
दिल्ली में पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में एक कार को आग में फूंक दिए जाने के मामले ने लोगों को हैरान कर दिया है. पुलिस ने आग लगाने वाले 7 लोगों को 700 किलोमीटर तक कार से पीछा करके पकड़ लिया है. ये लोग नेपाल भागने की फिराक में थे.
दिल्ली में पार्किंग को लेकर विवाद के बाद एक कार को आग में फूंक देने का मामला सामने आया है. यहां आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने उनका कुल 700 किलोमीटर तक पीछा किया. दरअसल, शनिवार की सुबह रंजीत सिंह नाम के शख्स ने दिल्ली पुलिस को शिकायत दी कि उनकी सियाज कार में रात में कुछ लोगों ने आग लगा दी. जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो पता लगा कि टेंट का बिजनेस करने वाले राहुल भसीन ने इस वारदात को अंजाम दिया है.
सीसीटीवी में राहुल के साथ कुछ उसके साथी भी नजर आ रहे थे. शिकायत मिलने के बाद लाजपत नगर थाना पुलिस ने इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली और राहुल की तलाश में जुट गई.
जांच में पुलिस को इस बात के सुराग मिले कि राहुल भसीन अपने दोस्तों के साथ अमेज कार में फरार हो गया है. आरोपी के पास जो मोबाइल फोन थे वह भी स्विच ऑफ आ रहे थे, लेकिन बीच-बीच में जब भी आरोपियों ने अपने फोन को ऑन किया तो उससे पुलिस को पता चला कि आरोपी आगरा, मथुरा, के रास्ते लखनऊ की तरफ जा रहे हैं. इसके बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम भी इस रास्ते पर चल पड़ी. पुलिस की टीम आगरा, मथुरा, एटा, मैनपुरी, लखनऊ, बाराबंकी होते हुए जब अमेठी पहुंची तो वहां पर उन्हें आरोपी एक टिन शेड के नीचे सोते हुए मिले.
पुलिस ने राहुल भसीन और उसके 6 दोस्तों को करीब 700 किलोमीटर पीछा करने के बाद अमेठी से गिरफ्तार किया. आरोपियों को अंदेशा था कि पुलिस उनके पीछे है इसलिए आरोपी कहीं भी खाना खाने तक के लिए नहीं रुके थे लेकिन जैसे ही अमेठी में गाड़ी किनारे खड़ी कर वे टिन शेड के नीचे आराम कर रहे थे तब पुलिस की टीम वहां पहुंच गई.
बाद में पुलिस को पता चला कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे. इसीलिए उन्होंने इस रास्ते को चुना था ताकि पुलिस उन तक ना पहुंच सके. अपनी डेढ़ हजार किलोमीटर की यात्रा को जल्दी पूरी करने के लिए आरोपियों ने रास्ते में कहीं आराम भी नहीं किया लेकिन जब वह बहुत ज्यादा थक गए तो उनको रुकना पड़ा और पुलिस ने उन्हें वहीं दबोच लिया. दिल्ली पुलिस ने जब आरोपियों की गाड़ी की जांच की तो उनको थिनर का एक डिब्बा मिला. पूछताछ में पता चला कि इसी थिनर से उन्होंने पीड़ित की कार में आग लगाई थी, इसके अलावा कार से पुलिस ने लोहे की वह रॉड भी बरामद कर ली जिससे गाड़ी में तोड़फोड़ की गई थी. सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में पता लगा है कि इस विवाद की वजह कार पार्किंग है. लेकिन जानकारी यह भी है कि कुछ समय पहले पीड़ित ने पार्क में शराब पी रहे कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी, जिसपर पुलिस ने कार्रवाई की थी. तभी से उसमें से एक शख्स ने राहुल को उकसाना शुरू कर दिया था.
वहीं एक बात और सामने आई है कि अगस्त के महीने में आरोपी ने पीड़ित की कार का साइड मिरर उखाड़ दिया था. उस वक्त भी पुलिस ने कार्रवाई की थी और मामला भी दर्ज किया था. इस बार आरोपी ने पूरी कार में आग लगाने की कोशिश की. लेकिन गनीमत रही की पूरी कार नहीं जली और आगे का हिस्सा ही जला.

क्या अमेरिका ने ईरान पर हमले की तारीख मुकर्रर कर दी है और ये हमला इस हफ्ते के आखिर तक हो सकता है? ट्रंप ने ईरान को धमकी देते हुए कहा है कि ईरान नहीं माना तो हमला होगा. रमज़ान का महीना शुरू हो गया है और ये मुसलमानों के लिए पाक महीना माना जाता है. ऐसे में सवाल उठता है कि अगर अमेरिका ने ईरान पर रमजान के महीने में हमला किया तो मुस्लिम देश क्या करेंगे? हालांकि अमेरिका के लिए सब इतना आसान भी नहीं होने वाला, क्योंकि ईरान पूरी ताकत से मुकाबला करने के लिए तैयार है.

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ओडिशा सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है. बरगढ़ जिले के पद्मपुर में तैनात एक ओडिशा प्रशासनिक सेवा अधिकारी को रिश्वत लेने के आरोप में निलंबित कर दिया है. जिला कलेक्टर की रिपोर्ट के आधार पर यह कदम उठाया गया. राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग ने साफ किया है कि विभाग में भ्रष्टाचार के लिए 'जीरो टॉलरेंस' नीति लागू है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

आजतक से खास बातचीत में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बीजेपी में दो विचारधाराओं की बात कही. उन्होंने बताया कि एक विचारधारा अत्याचारी प्रकृति की है जबकि दूसरी नहीं. उन्होंने बटुकों के सम्मान के लिए ब्रजेश पाठक की प्रशंसा की. साथ ही समाजवादी पार्टी और बीजेपी दोनों को राजनीतिक पार्टियों के रूप में बताया. सीएम योगी पर उन्होंने खुलकर वार किए. देखें वीडियो.

यह वीडियो भारत में हो रहे एआई समिट, उत्तर प्रदेश की राजनीतिक तनावपूर्ण सियासत और संघ परिवार की मुसलमानों की घर वापसी से जुड़ी राय पर केंद्रित है. सुंदर पिचाई ने भारत में टैलेंट की घर वापसी पर आशावादी विचार व्यक्त किए हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण राजनीति और शंकराचार्य विवाद ने सियासी हलचल बढ़ाई है. साथ ही संघ प्रमुख और मुस्लिम नेताओं के बीच घर वापसी को लेकर बयानबाजी जारी है. देखें खबरदार.

सेंट्रल इंडिया के पूर्व माओवादी नेता भूपति ने लगभग 40 सालों के हथियारबंद संघर्ष के बाद 15 अक्टूबर 2025 को गढ़चिरोली में 60 साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का ऐतिहासिक फैसला किया. 70 साल भूपति ने कहा कि देश की बदलती सामाजिक-राजनीतिक स्थितियों में सशस्त्र क्रांति अब व्यावहारिक नहीं रही. उन्होंने बताया कि संगठन 2013 के बाद जनता से कट चुका था, जिससे अंत की शुरुआत हुई.

अकोला में भाजपा के अकोट शहर अध्यक्ष को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से सिग्नल ऐप पर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिली है. धमकी मिलने के बाद पुलिस ने शहर अध्यक्ष की सुरक्षा बढ़ा दी है. सूत्रों के अनुसार, शुभम लोणकर नामक आरोपी पर शक है, जिसके गैंग से संबंध बताए जा रहे हैं. पुलिस तकनीकी जांच कर रही है, लेकिन आधिकारिक बयान देने से बच रही है.

माघ मेले के दौरान चोटी खींचने की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमाई है. डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस घटना को पूरी तरह से गलत और महापाप बताया है. उन्होंने इस कृत्य की निंदा करते हुए बटुकों को बुलाकर उनका सम्मान किया है. इस घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है और अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है. इस मामले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिससे माहौल और गरमाता दिखाई दे रहा है.






