
पद्मश्री से नवाजे गए आर माधवन, गर्व से फूला सीना, बोले- बहुत विनम्र महसूस कर रहा हूं
AajTak
भारत के टैलेंटेड एक्टर आर माधवन को साल 2026 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया. 3 इडियट्स, रॉकेट्री और धुरंधर जैसी फिल्मों में उन्होंने अपने एक्टिंग का परचम लहराया है. वो इस बारे में खुद आजतक से बात करते हैं.
एक्टर आर. माधवन ने भारत के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कार से नवाजे जाने पर अपनी गहरी खुशी और आभार व्यक्त किया है. माधवन को उनकी मल्टी-टैलेंटेड स्किल्स और दमदार अभिनय के लिए हमेशा सराहा गया है. उन्होंने सरकार से मिलने वाले इस सम्मान को बारे में बात की. एक्टर ने इसे अपने जीवन का एक बेहद सम्मानजनक और विनम्र अनुभव बताया.
खुशी से झूमे माधवन
इंडिया टुडे/आज तक से एक्सक्लूसिव बातचीत में माधवन ने कहा- बहुत सम्मानित और विनम्र महसूस कर रहा हूं. यह सब ईश्वर की कृपा और हमारे बुजुर्गों तथा पूर्वजों के आशीर्वाद का ही परिणाम है.
माधवन को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा, इस खबर से फैंस के बीच भी खुशी की लहर है. सोशल मीडिया पर उन्हें टैग कर बधाई दी जा रही है. फैंस का कहना है कि माधवन हमेशा से टैलेंटेड थे इस पर कोई शक नहीं था. लेकिन अब सरकार ने उनके योगदान को स्वीकार किया है.
हिंदी सिनेमा के बेहद टैलेंटेड एक्टर आर माधवन को भी साल 2026 में पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा. माधवन ने अपने फिल्मी करियर में अभिनय के साथ-साथ फिल्म मेकिंग और डायरेक्शन में भी हाथ आजमाया है. उन्होंने रहना है तेरे दिल में, तुम दिल की धड़कन में, 3 इडियट्स, रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट और साला खडूस जैसी फिल्मों में अपने शानदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता.
साउथ सिनेमा में भी उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया और अपनी विविधता से अपनी पहचान बनाई. उनकी कड़ी मेहनत और फिल्म इंडस्ट्री में दिए गए योगदान को देखते हुए, सरकार का यह सम्मान उनके प्रशंसकों के लिए बेहद गर्व की बात है.













