
नमाज के लिए कमरे खोजना, गैर-मुस्लिमों पर बैन... पाकिस्तानी कप्तान मोहम्मद रिजवान को लेकर चौंकाने वाला खुलासा
AajTak
पाकिस्तानी टीम के खराब प्रदर्शन के बीच एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इसमें सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक पाकिस्तानी टीम के अंदरूनी कलह के बारे में बात कर रहे हैं. इमाम पाकिस्तानी कप्तान रिजवान को लेकर भी चौंकाने वाला खुलासा करते हैं.
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबान पाकिस्तानी टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. पाकिस्तान को पहले न्यूजीलैंड के हाथों 60 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. फिर उसे भारतीय टीम के हाथों 6 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी. लगातार दो हार के चलते पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल की रेस से पूरी तरह बाहर हो चुकी है. पाकिस्तानी टीम अब टूर्नामेंट में अपना आखिरी मुकाबला बांग्लादेश से खेल रही, जिसका टूर्नामेंट के लिहाज से कोई खास महत्व नहीं रह गया है.
पाकिस्तानी टीम और कप्तान रिजवान पर बड़ा खुलासा
पाकिस्तानी टीम के खराब प्रदर्शन के बीच एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इसमें सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक पाकिस्तानी टीम के अंदरूनी कलह के बारे में बात कर रहे हैं. इमाम से पूछा जाता है कि टीम में लीडर कौन है, तो उन्होंने कहा कि सब आपस में लड़ रहे हैं. इमाम को फखर जमां के इंजर्ड होने के बाद चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तानी टीम में शामिल किया गया था. इमाम भारत के खिलाफ मुकाबले में भी खेलने उतरे थे.
इमाम उल हक पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक के भतीजे हैं. इमाम ने खुलासा किया कि मोहम्मद रिजवान होटल में नमाज के लिए कमरे खोजते हैं. साथ ही नमाज वाले रूम में गैर-मुस्लिमों की एंट्री बैन रहती है. इमाम ने अल्ट्रा एज के पॉडकास्ट में ये बाते कहीं. ये पॉडकास्ट दिसबंर 2024 का है.
इमाम उल हक कहते हैं, 'लीडर का तो नाम आ ही नहीं रहा जेहन में. सारे आपस में लड़ रहे. रिज्जी (रिजवान) नमाज के टाइम सबको इकट्ठा कर लेता है. ये उसकी बहुत अच्छी आदत है. किसी भी होटल में हम जाएं- सबसे पहले कमरे ढूंढना, चादर बिछाना. किसी का आना बैन कराना. वर्कर्स नॉन-मुस्लिम होते हैं, उनका आना बंद कराना. व्हाट्सऐप ग्रुप बनाना और टाइमिंग भेजना. ये सब काम रिजवान करता है.'
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि कप्तान मोहम्मद रिजवान और कोच आकिब जावेद के बीच सबकुछ ठीक नहीं है. दोनों के बीच टीम के चयन को लेकर मतभेद था. रिजवान ने खुशदिल शाह का सपोर्ट किया था, जबकि जावेद ने फहीम अशरफ को तरजीह दी. चैम्पियंस ट्रॉफी में पाकिस्तानी कप्तान रिजवान का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में रिजवान सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए थे. वहीं भारत के खिलाफ मुकाबले में रिजवान ने 46 रन बनाने के लिए 77 गेंदें लीं. रिजवान की धीमी बल्लेबाजी की जमकर आलोचना हो रही है.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












