
धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, अल्का याज्ञनिक और ममूटी को पद्म भूषण, 2026 का बड़ा ऐलान!
AajTak
सरकार ने 2026 के पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है. धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, अल्का याज्ञनिक और ममूटी को पद्म भूषण, और सतीश शाह को पद्मश्री सम्मान मिलेगा.
सरकार ने 2026 के पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है. इस बार भारतीय सिनेमा के लिए यह साल खास माना जा रहा है, क्योंकि दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र को मरणोपरांत और मशहूर गायिका अल्का याज्ञनिक को देश के प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा रहा है. वहीं एक्टर ममूटी भी इस लिस्ट में शामिल हैं.
खुश हुईं हेमा मालिनी
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भारत सरकार साल 2026 में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित करेगी. इस खबर पर धर्मेंद्र की पत्नी और सांसद हेमा मालिनी ने खुशी जताते हुए ट्वीट किया है कि सरकार ने धर्मेंद्र जी के भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में दिए गए अतुलनीय योगदान को पहचान दी है. हेमा मालिनी ने लिखा कि उन्हें बेहद गर्व है कि धर्मेंद्र को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जा रहा है.
धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में शोले, धरमवीर, चुपके-चुपके, सत्यमेव जयते जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया. एक्शन से लेकर रोमांस तक, उन्होंने हर तरह के किरदार निभाकर हिंदी सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान उनके चाहने वालों के लिए भावुक कर देने वाला है.
अल्का याज्ञनिक को मिलेगा पद्म भूषण
इसी साल मशहूर प्लेबैक सिंगर अल्का याज्ञनिक को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा. अल्का याज्ञनिक ने 90 और 2000 के दशक में हिंदी सिनेमा को एक से बढ़कर एक सुपरहिट गाने दिए हैं. उनकी आवाज आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है. हाल के समय में अल्का याज्ञनिक ठीक से सुनाई ना देने की बीमारी से जूझ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका योगदान भारतीय संगीत जगत में अमूल्य माना जाता है. सरकार का यह फैसला संगीत प्रेमियों के लिए भी गर्व का पल है.













