
'द केरल स्टोरी 2' की बढ़ीं मुश्किलें, सर्टिफिकेशन पर उठे सवाल, फिल्म की रिलीज पर रोक की मांग
AajTak
'द केरल स्टोरी 2' फिल्म को सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने के बाद केरल राज्य में बवाल शुरू हो गया है. हाई कोर्ट में फिल्म के खिलाफ याचिका दायर की गई है, जिसमें ये साफ लिखा गया है कि केरल की छवि को फिल्म में गलत तरीके से पेश किया जा रहा है.
फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह और डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह अपनी फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' को लेकर फिर विवादों से घिर चुके हैं. इसकी कहानी और फिल्म में केरल राज्य की दिखाई गई छवि पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इसे झूठा प्रोपगेंडा फैलाने वाली फिल्म कहा. अब मूवी के खिलाफ केरल हाई कोर्ट में अपील हुई है.
'द केरल स्टोरी 2' पर शुरू हुआ विवाद
'द केरल स्टोरी' अपने पहले पार्ट की ही तरह लव-जिहाद और धर्म परिवर्तन जैसे कुछ गंभीर मुद्दों को दर्शकों के सामने पेश करती है. इसमें कुछ हिंदू लड़कियां केरल राज्य से दिखाई जाती हैं, जिनके साथ मुसलमान लड़के शादी करके उनका धर्म बदल देते हैं. 'द केरल स्टोरी 2' के ट्रेलर में भी यही दिखाया जाता है. हालांकि इस बार कहानी सिर्फ केरल की ही नहीं, बल्कि राजस्थान और मध्य प्रदेश से भी दिखाई जाएगी.
गुरुवार के दिन फिल्म को सेंसर बोर्ड से U/A सर्टिफिकेट भी मिला, जिसपर फिल्म के डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह ने अपना रिएक्शन दिया था. उनका कहना था कि इस फिल्म को सभी परिवार अपनी बहन बेटियों के साथ जरूर देखें. लेकिन अब फिल्म की रिलीज को लेकर मुसीबतें बढ़ने वाली हैं.
बढ़ी 'द केरल स्टोरी 2' की मुश्किलें
केरल हाई कोर्ट में श्रीदेव नमबोधरी नाम के एक शख्स ने फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' के खिलाफ याचिका दायर की है. उनका कहना है कि फिल्म का टीजर देखकर उनका दिल बहुत दुखी हो गया और उनकी अंतरात्मा को झटका लगा, क्योंकि ये केरल राज्य को बहुत बुरे तरीके से दिखाती है.













