
दिल्ली में कमर्शियल LPG की कमी से हाहाकार, रेस्टोरेंट-होटल की हालत खराब
AajTak
दिल्ली में LPG सिलेंडर की किल्लत ने खाने-पीने के कारोबार की कमर तोड़ दी है. एक हफ्ते से ज्यादा समय बीतने के बावजूद हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं. रेस्टोरेंट से लेकर स्ट्रीट फूड विक्रेता तक सभी सीमित संसाधनों के साथ काम करने को मजबूर हैं. उनको अपने मेनू में भारी कटौती करनी पड़ी है.
दिल्ली में कमर्शियल LPG की कमी ने रेस्टोरेंट, होटल और स्ट्रीट फूड कारोबार को संकट में डाल दिया है. कई जगहों पर काम के घंटे घटा दिए गए हैं. कई मेनू कम कर दिया गया है. कारोबारियों का कहना है कि गैस की अनियमित सप्लाई ने उनकी कमाई पर सीधा असर डाला है. हालत ऐसी है कि रोज का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है.
'तड़का रानी' रेस्टोरेंट चेन के एक प्रतिनिधि के मुताबिक, पहले जहां रोजाना करीब 3 लाख रुपए की बिलिंग होती थी, वो अब घटकर महज 25 से 30 हजार रुपए रह गई है. उन्होंने बताया कि फिलहाल वे अपने रेस्टोरेंट के मेनू का केवल 20 फीसदी हिस्सा ही ग्राहकों को दे पा रहे हैं. यहां तक कि खाना भी सीमित मात्रा में तैयार किया जा रहा है.
रेस्टोरेंट संचालकों के सामने सिर्फ गैस की कमी ही नहीं, बल्कि ऑपरेशन चलाना भी चुनौती बन गया है. बिजली से चलने वाले उपकरण जल्दी गरम हो रहे हैं. कई जगहों पर शुरुआत में आउटलेट पूरी तरह बंद करने पड़े थे. अब भी स्थिति आंशिक रूप से ही सुधरी है, लेकिन नुकसान लगातार बढ़ रहा है. इसके सुधरने के आसार भी नजर नहीं आ रहे.
कमर्शियल LPG की सप्लाई में यह रुकावट वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष से जुड़ी ऊर्जा सुरक्षा चिंताओं के बीच आई है. सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस के प्राथमिकता आवंटन में बदलाव किया है, जिसका असर सप्लाई चेन पर पड़ा है. शाहदरा के एक रेस्टोरेंट मालिक ने बताया कि अब पूरी क्षमता के साथ काम करना संभव नहीं रह गया है.
नवरात्रि के दौरान ग्राहकों की संख्या घटने की आशंका ने कारोबारियों की चिंता और बढ़ा दी है. नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष मनप्रीत सिंह ने कहा कि स्थिति में थोड़ा सुधार जरूर हुआ है, लेकिन बाधाएं अभी भी बनी हुई हैं. कई रेस्टोरेंट सिर्फ उन्हीं दिनों खुल पा रहे हैं, जब उन्हें सिलेंडर मिल जाता है. बाकी दिन बंद रहते हैं.
पूर्वी दिल्ली के एक रेस्टोरेंट मालिक ने बताया कि इस हफ्ते वे सिर्फ दो दिन ही काम कर पाए. संकट का सबसे ज्यादा असर सड़क किनारे ठेला लगाने वालों पर पड़ा है. दक्षिणी दिल्ली के चाय विक्रेता इकबाल का कहना है कि उन्हें ज्यादातर दिन ठेला बंद रखना पड़ता है. उन्होंने बताया कि आमदनी नहीं होने से रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है.

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान हुई हत्या के बाद पैदा हुए सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. अदालत ने पुलिस और नागरिक प्रशासन को ईद और रामनवमी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की 'प्रतिहिंसा' को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है.

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें रूपा गांगुली, निशीथ प्रमाणिक और प्रियंका तिबरेवाल जैसे 111 बड़े नामों को जगह मिली है. पार्टी ने इस बार पूर्व आईपीएस डॉ. राजेश कुमार और पूर्व टीएमसी नेता तापस रॉय समेत फिल्मी सितारों पर भी दांव लगाया है, जिससे बंगाल का चुनावी मुकाबला अब और भी कड़ा और रोमांचक हो गया है.

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण भारत के 6 से ज्यादा जहाज अभी भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे हुए हैं. बताया जा रहा है कि इन जहाजों में ज्यादातर एलपीजी टैंकर और एलएनजी जहाज हैं. जिससे देश में एलपीजी की किल्लत हो सकती है. हालांकि, सरकार ने घरेलू उत्पादन में 40% वृद्धि की है और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है.










