
टीम इंडिया ने नामीबिया को रौंदकर रचा इतिहास... T20 वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ ऐसा
AajTak
भारतीय टीम ने नामीबिया को 93 रनों से हराकर आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में अपना अजेय अभियान कायम रखा है. नामीबिया के खिलाफ भारतीय टीम के लिए हार्दिक पंड्या और ईशान किशन ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया. फिर भारतीय टीम की गेंदबाजी भी शानदार रही.
भारतीय टीम का आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी है. 12 फरवरी (गुरुवार) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए के मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से परास्त किया. भारतीय टीम ने इस मुकाबले में नामीबिया को जीत के लिए 210 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 16.2 ओवरों में 116 रनों पर सिमट गई.
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम की मौजूदा टूर्नामेंट में ये लगातार दूसरी जीत रही. इससे पहले उसने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में संयुक्त राज्य अमेरिका को 29 रनों से पराजित किया था. भारतीय टीम अब ग्रुप-ए की अंकतालिका में पाकिस्तान को पछाड़कर टॉप पर आ गई है. भारतीय टीम अब अपने तीसरे ग्रुप मुकाबले में 15 फरवरी (रविवार) को पाकिस्तान का सामना करेगी. ये मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा.
नामीबिया के खिलाफ भारतीय टीम की जीत में हार्दिक पंड्या ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया. हार्दिक ने 52 रन बनाने के अलावा दो विकेट झटके और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. ईशान किशन और मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी भारतीय टीम की जीत में स्टार बने. सलामी बल्लेबाज ईशान ने 24 गेंदों पर 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. वहीं वरुण ने 7 रन देकर तीन विकेट चटकाए.
भारतीय टीम ने नामीबिया पर 93 रनों से जीत हासिल की, जो रनों के लिहाज से टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में इस टीम की सबसे बड़ी जीत रही. इससे पहले साल 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में इंग्लैंड को 90 रनों से पराजित किया था. उस रिकॉर्ड को भारतीय टीम ने और बेहतर किया है.
T20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी जीत (रनों के लिहाज से) 93 रन बनाम नामीबिया, दिल्ली, 2026 90 रन बनाम इंग्लैंड, कोलंबो आरपीएस, 2012 73 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, मीरपुर, 2014 71 रन बनाम जिम्बाब्वे, मेलबर्न, 2022 68 रन बनाम इंग्लैंड, प्रोविडेंस, 2024
भारत ऐसा करने वाली पहली टीम... यही नहीं भारत ऐसी पहली टीम है, जिसने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार दस मैच जीते हैं. भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान लगातार 8 मैचों में जीत हासिल की थी. तब कनाडा के खिलाफ उसका मुकाबला बिना टॉस के रद्द कर दिया गया था. वहीं मौजूदा वर्ल्ड कप में उसने दोनों मैच जीते हैं.

मिडिल ईस्ट और अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर तनाव के बीच बांग्लादेशी खिलाड़ियों का PSL में खेलना अनिश्चित हो गया है. BCB ने साफ किया है कि अब खिलाड़ियों को पाकिस्तान भेजने से पहले सरकार की मंजूरी जरूरी होगी. सुरक्षा चिंता के कारण यह फैसला लिया गया है, जिससे कई खिलाड़ियों की उपलब्धता और इंटरनेशनल शेड्यूल पर असर पड़ सकता है.












