
टीम इंडिया को झटका, ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर
AajTak
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर साइड स्ट्रेन इंजरी के चलते पांच मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं. वनडे में चोटिल हुए सुंदर की फिटनेस पर अब 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले भी सवाल खड़े हो गए हैं.
न्यूजीलैंड से होने वाली टी20 सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को झटका लगा है. टीम इंडिया के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है. उनको साइड स्ट्रेन इंजरी हुई है. पसलियों और कमर के बीच की मांसपेशियों पर अचानक ज्यादा जोर पड़ता है, खिंचाव होता है या वे फट जाती हैं, तो इसे साइड स्ट्रेन इंजरी कहा जाता है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में गेंदबाजी करते वक्त वॉशिंगटन को अपनी बाईं पसली के निचले हिस्से में तकलीफ महसूस हुई. इसके चलते उन्हें तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया.
लेकिन अब बुधवार को साफ हो गया कि वॉशिंगटन सुंदर 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए समय पर ठीक नहीं हो पाएंगे.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, 'वॉशिंगटन सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है क्योंकि उन्हें साइड स्ट्रेन की समस्या है.'
क्या टी20 वर्ल्ड कप तक ठीक हो पाएंगे वॉशिंगटन सुंदर?
वॉशिंगटन की चोट ने 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप में उनकी भागीदारी पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है. तिलक वर्मा भी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 मैचों से बाहर हैं क्योंकि उन्हें कमर में चोट लगी थी जिसके लिए सर्जरी की जरूरत पड़ी.

एक समय था जब बिहार से आईपीएल में खिलाड़ियों की मौजूदगी गिनी-चुनी होती थी. लेकिन आज 7 खिलाड़ियों का इस लीग में होना राज्य के क्रिकेट इकोसिस्टम में आए बदलाव का संकेत है. यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उस बदलाव की कहानी है जहां कभी संसाधनों की कमी से जूझने वाला राज्य अब भारतीय क्रिकेट की मुख्यधारा में अपनी जगह बना रहा है.












