
'चाचा भिखारी नहीं, साहूकार हैं... उधार दिया पैसा वसूलते हैं', इंदौर में भीख मांगने वाले मांगीलाल के बचाव में उतरा भतीजा
AajTak
Indore Rich Beggar Sarafa Bazaar: इंदौर के सराफा बाजार में भीख मांगने वाले एक कुष्ठ रोगी के पास 3 घर, 3 ऑटो और लाखों का ब्याज कारोबार होने का दावा किया गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई पर अब परिवार ने संपत्ति के कागजात दिखाकर सफाई दी है.
इंदौर के सराफा बाजार में भीख मांगने वाले भिखारी को लेकर रोज नई नई बातें सामने आ रही हैं. जैसे ही यह मामला मीडिया में उछला, भिखारी मांगीलाल के भतीजे ने सामने आकर प्रशासन के दावों को चुनौती दी. भतीजे का दावा है कि तीन मंजिला मकान उसकी मां यानी भिखारी की भाभी के नाम पर है, जिसका लोन वह खुद चुका रहा है. उसने कहा कि उसके चाचा सराफा बाजार में भीख मांगने नहीं, बल्कि अपना उधार दिया हुआ पैसा वसूलने जाते थे. गलतफहमी के कारण उन्हें भिखारी समझकर पकड़ लिया गया.
भिखारी मांगीलाल के भतीजे ने कहा, "मेरे चाचा (भिखारी) की संपत्तियों के बारे में झूठे दावे किए जा रहे हैं. तीन मंजिला घर सरकारी रिकॉर्ड में मेरी मां के नाम पर रजिस्टर्ड है और मैं घर के लिए लिए गए लोन की किस्तें चुकाता हूं. हमारे पास सभी डॉक्यूमेंट्स हैं."
भतीजे ने आगे दावा किया कि उसके चाचा का दूसरे घर के मालिकाना हक को लेकर किसी दूसरे शख्स के साथ विवाद चल रहा है. यही नहीं, उसने दावा किया, "मेरे चाचा सर्राफा बाजार में छोटे-मोटे काम करने वाले लोगों को ब्याज पर पैसे देते हैं. वह यह पैसा इकट्ठा करने के लिए सर्राफा बाजार जाते थे और कुछ गलतफहमी के कारण, उनकी तस्वीरें भिखारी के तौर पर सर्कुलेट की गईं."
3 घर, 3 ऑटो और अपनी कार के लिए ड्राइवर उधर, इंदौर को 'भिखारी-मुक्त' बनाने के अभियान में जुटे नोडल अधिकारी दिनेश मिश्रा के अनुसार, इस शख्स की लाइफस्टाइल किसी अमीर व्यापारी जैसी है. उसके पास तीन पक्के घर हैं, जिनमें एक 3 मंजिला इमारत भी शामिल है. 3 ऑटो-रिक्शा हैं जिन्हें वह किराए पर चलाता है. साथ ही एक कार भी है, जिसके लिए उसने एक ड्राइवर रखा हुआ है. वह सराफा में छोटे व्यापारियों को 4 से 5 लाख रुपये ब्याज पर उधार देता है. ब्याज से रोजाना 1000 -2000 रुपये और भीख से 400 से 500 रुपये की आमदनी होती है.''
राजमिस्त्री से भिखारी बनने का सफर भिखारियों के पुनर्वास के लिए काम करने वाले NGO 'प्रवेश' की अध्यक्ष रूपाली जैन ने मामले को अलग नजरिए से पेश किया. उन्होंने बताया कि यह शख्स पहले राजमिस्त्री था, लेकिन कुष्ठ रोग के कारण हाथ-पैर की उंगलियां खराब होने पर वह काम करने में लाचार हो गया. बीमारी और भेदभाव के कारण उसने सराफा की नाइट चौपाटी में भीख मांगना शुरू किया. जैन का कहना है कि उसने यह संपत्ति भीख से जमा नहीं की है, बल्कि यह मामला उसकी पिछली मेहनत और पारिवारिक संपत्ति का है.
इनका कहना इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि इंदौर में भीख मांगना, भीख देना और भिखारियों से सामान खरीदना बैन है. प्रशासन अभी इन संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच कर रहा है. तथ्यों की पुष्टि होने के बाद ही अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, उस व्यक्ति को एक शेल्टर होम में रखा गया है.

स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि स्पीकर सभी के होते हैं. स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव अफसोसजनक है. स्पीकर जब चुने गए थे, तब पक्ष और प्रतिपक्ष, दोनों नेता उनको चेयर तक लेकर गए थे. स्पीकर सभी सदस्यों के हितों के संरक्षक होते हैं, यह संसदीय राजनीति के लिए अफसोसजनक पल है. अमित शाह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी की उपस्थिति 17वीं लोकसभा में 51 प्रतिशत रही. 16वीं लोकसभा में उनकी उपस्थिति 52 प्रतिशत रही, जबकि राष्ट्रीय औसत 80 प्रतिशत रहा.

अमित शाह ने स्पष्ट किया कि संसद में कौन कितना बोलेगा और क्या बोलेगा, इसका फैसला सत्ताधारी पार्टी नहीं बल्कि स्पीकर करते हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी विपक्ष की आवाज दबाई नहीं है, जबकि वर्तमान में विपक्षी दलों ने उनकी आवाज दबाने की कोशिश की है. उन्होंने 1975 की आपातकाल की घटना का संदर्भ देते हुए कहा कि उस वक्त विपक्ष की आवाज दबाने का काम हुआ था.

बड़े होटलों के अलावा छोटे दुकानदार भी एलपीजी की कमी से गंभीर रूप से प्रभावित हैं. चंडीगढ़ में साइकिल पर छोले-कुलचे बेचने वाले विक्रेता ने बताया कि गैस की आपूर्ति न होने के कारण उन्हें रोज़मर्रा की कमाई में दिक्कत हो रही है. उनका स्टॉक केवल आज तक चलने वाला बचा है और अगर समस्या इसी तरह बनी रही तो उनका व्यापार या तो ठप हो सकता है या फिर उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है.

स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में जवाब दिया. अमित शाह ने कहा कि स्पीकर सभी के होते हैं. स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव अफसोसजनक है. स्पीकर जब चुने गए थे, तब पक्ष और प्रतिपक्ष, दोनों नेता उनको चेयर तक लेकर गए थे. स्पीकर सभी सदस्यों के हितों के संरक्षक होते हैं, यह संसदीय राजनीति के लिए अफसोसजनक पल है.

गुरुग्राम में महज 3000 रुपये के विवाद ने एक 17 साल के युवक की जान ले ली. सेक्टर-14 इलाके में हुए इस मामले में आरोपी ने चाकू से हमला कर युवक की हत्या कर दी. मृतक अपने परिवार का सहारा बनने के लिए कार शोरूम में काम करता था. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.

ईरान युद्ध के कारण वैश्विक परिस्थितियों में उत्पन्न बदलावों का असर अब चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की रसोई पर साफ दिखाई दे रहा है. चंडीगढ़ और ज़ीरकपुर की गैस एजेंसियों पर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जो इस संकट की गवाही देती हैं. इस स्थिति ने स्थानीय लोगों की दैनिक जरूरतों को प्रभावित किया है और गैस की उपलब्धता को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं. देखें रिपोर्ट.







