
'ईरान में टारगेट बनाने के लिए कुछ नहीं बचा', राष्ट्रपति ट्रंप का दावा, बोले- जब चाहूं खत्म कर दूंगा जंग
AajTak
ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग जारी है. इसमें अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है. अमेरिका और इजरायल ने ईरान ने कई सैन्य और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया है. वहीं ईरान भी लगातार पलटवार कर रहा है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ जारी युद्ध जल्द खत्म हो सकता है, क्योंकि अब वहां निशाना बनाने के लिए लगभग कुछ भी नहीं बचा है. बुधवार को अमेरिकी मीडिया प्लेटफॉर्म Axios को दिए एक संक्षिप्त फोन इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान में सैन्य ठिकानों और लक्ष्यों पर बड़े पैमाने पर हमले हो चुके हैं.
यह बातचीत करीब पांच मिनट तक चली, जिसमें ट्रंप ने संकेत दिया कि युद्ध का अंत ज्यादा दूर नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने कहा, 'अब वहां (ईरान) निशाना बनाने के लिए लगभग कुछ भी नहीं बचा है. बस थोड़ा-बहुत ही बाकी है. जब भी मैं चाहूं, यह युद्ध खत्म हो जाएगा.' हालांकि ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका किस तरह की रणनीति अपनाएगा या संघर्षविराम की कोई औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी या नहीं.
हालांकि ट्रंप के इस बयान से पहले अमेरिका और इजरायल के अधिकारियों ने कहा था कि अभी युद्ध खत्म करने का कोई प्लान नहीं है. अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों के अनुसार ईरान के खिलाफ कम से कम दो और हफ्ते तक सैन्य हमले जारी रखने की तैयारी की जा रही है. इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा था कि अभियान बिना किसी समय सीमा के जारी रहेगा, जब तक सभी लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते और निर्णायक जीत नहीं मिलती.
गौरतलब है कि 28 फरवरी से ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जंग जारी है. इसमें अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है. हाल के दिनों में ईरान में अमेरिका और इजरायल ने कई सैन्य और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया है. पलटवार में ईरान में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है.
बुधवार को भी ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में कई हमले किए. ड्रोन हमलों में दुबई एयरपोर्ट के पास विस्फोट हुए, जबकि फारस की खाड़ी और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज में कई व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाया गया. इस बीच अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर लगातार हवाई हमले जारी हैं. दुबई मीडिया कार्यालय के अनुसार, दो ईरानी ड्रोन दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास गिरे, जिससे चार लोग घायल हो गए. हालांकि एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन जारी रहा.

गुरुग्राम में महज 3000 रुपये के विवाद ने एक 17 साल के युवक की जान ले ली. सेक्टर-14 इलाके में हुए इस मामले में आरोपी ने चाकू से हमला कर युवक की हत्या कर दी. मृतक अपने परिवार का सहारा बनने के लिए कार शोरूम में काम करता था. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.

ईरान युद्ध के कारण वैश्विक परिस्थितियों में उत्पन्न बदलावों का असर अब चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की रसोई पर साफ दिखाई दे रहा है. चंडीगढ़ और ज़ीरकपुर की गैस एजेंसियों पर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जो इस संकट की गवाही देती हैं. इस स्थिति ने स्थानीय लोगों की दैनिक जरूरतों को प्रभावित किया है और गैस की उपलब्धता को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं. देखें रिपोर्ट.

ईरान में चल रहे युद्ध संकट को लेकर प्रधानमंत्री ने केरलम के एर्नाकुलम में एक रैली के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. इस वैश्विक संकट के समय भी कांग्रेस राजनीतिक फायदे के लिए मुद्दे को भटकाने की कोशिश कर रही है. प्रधानमंत्री ने इस दौरान संकट की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में देश को एकजुट होना चाहिए.

दिल्ली के रेस्टोरेंट व्यवसाय को एलपीजी संकट ने बुरी तरह प्रभावित किया है. नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष और प्रसिद्ध ज़ेन रेस्टोरेंट के मालिक मनप्रीत सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा घरेलू LPG आपूर्ति को प्राथमिकता देने के कारण व्यवसायिक गैस की आपूर्ति में कमी आई है. इससे रेस्तरां उद्योग को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.

फरीदाबाद की पायलट दीपिका अधाना ने युद्ध जैसे हालात के बीच साहसिक मिशन को अंजाम देते हुए यूएई से 169 भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने में अहम भूमिका निभाई. एयर इंडिया एक्सप्रेस की इस ऑल-वुमन क्रू ने रेस्क्यू फ्लाइट के जरिए यात्रियों को सुरक्षित दिल्ली पहुंचाया. दीपिका ने बताया कि अचानक मिले आदेश के बाद उन्होंने टीम के साथ यह चुनौतीपूर्ण उड़ान भरी.








