
घर में पाइपलाइन से घुसपैठ, नौकरानी से बहस, चाकू से हमला... सैफ पर हमले को लेकर अब तक क्या खुलासे हुए
AajTak
मुंबई पुलिस के मुताबिक, बीती रात एक अनजान शख्स पहले तो उनके घर में घुसा. फिर वहां मौजूद नौकरानी से बहसबाजी करने लगा. दोनों के बीच हो रही बहस में सैफ अली खान उतरे. उन्होंने शख्स को शांत करने की कोशिश की. लेकिन वो एक्टर के समझाने पर भड़क गया और गुस्से में सैफ पर चाकू से वार कर दिए.
पटौदी खानदान के नवाब सैफ अली खान को लेकर गुरुवार को शॉकिंग खबर सुनने को मिली. हमेशा शांत और विवादों से दूर रहने वाले सैफ के साथ बीती रात एक हादसा हुआ. एक अज्ञात शख्स रात के 2 बजे उनके घर में घुसा. एक्टर पर चाकू से वार किए. हमले के बाद सैफ को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया. जानकारी मिली है कि एक्टर की सर्जरी हो रही है.
सैफ पर हमले को लेकर मुंबई पुलिस का बयान सामने आया है. साथ ही पीआर का ऑफिशियल स्टेटेमेंट भी रिलीज हो चुका है. जानते हैं एक्टर पर हुए अटैक मामले में अब तक क्या-क्या खुलासे हुए हैं.
घुसपैठिए की हुई थी सैफ संग बहस
मुंबई पुलिस के मुताबिक, बीती रात एक अनजान शख्स पहले तो उनके घर में घुसा. फिर वहां मौजूद नौकरानी से बहसबाजी करने लगा. दोनों के बीच हो रही बहस में सैफ अली खान उतरे. उन्होंने शख्स को शांत कराने की कोशिश की. लेकिन वो एक्टर के समझाने पर भड़क गया और गुस्से में सैफ पर चाकू से 2-3 वार कर दिए. दोनों के बीच हाथापाई भी हुई.
एक्टर की PR टीम ने क्या कहा?
सैफ की PR टीम की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, सैफ के घर पर चोरी की कोशिश हुई थी. अभी अस्पताल में उनकी सर्जरी हो रही है. मीडिया और फैंस से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हैं. ये पुलिस केस है. हम आपको स्थिति के बारे में अपडेट करते रहेंगे.













