
घमंड ने बर्बाद किया करियर- खाने के भी नहीं थे पैसे, फ्लॉप होने पर दर्द में रहा एक्टर, बोला- बहुत रोया...
AajTak
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कई लोग कई सपने लेकर आते हैं, लेकिन सक्सेस कुछ ही लोगों को मिलती है. आमिर अली भी उन्हीं में से एक हैं. आमिर बनना तो बॉलीवुड हीरो चाहते थे, लेकिन पहचान उन्हें टीवी से मिली. अब इस बारे में उन्होंने बात की है.
आमिर अली टीवी के जाने-माने एक्टर हैं. F.I.R शो से उन्हें घर-घर में खास पहचान मिली. लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि आमिर टीवी पर डेब्यू करने से पहले फिल्मों में अपना लक आजमा चुके थे. हालांकि, उन्हें बॉलीवुड में कामयाबी नहीं मिली, जिसके बाद उन्हें टीवी का रुख करना पड़ा था.
आमिर अली का छलका दर्द
आमिर अली ने अपने स्ट्रगल के दिनों पर बात की है. आमिर ने बताया कि करियर की शुरुआत में उन्हें लगता था कि फिल्में ही उनकी असली मंजिल हैं. लेकिन जब उन्हें फिल्मों से टीवी का रुख करना पड़ा तो उन्हें वो 'हार' जैसा लगा था.
बॉलीवुड बबल संग बातचीत में आमिर ने बताया कि जब उनका फिल्मी करियर नहीं चला तो फिल्मों से टीवी की ओर रुख करने पर वो इमोशनली टूट गए थे. एक्टर ने बताया कि उस समय उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी थी और कुछ फिल्में करने के बाद उन्हें लगा था कि वो कामयाब हो चुके हैं. लेकिन चीजें वैसी नहीं चलीं, जैसा उन्होंने सोचा था.
आमिर अली ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा- मैं जिन मेकर्स के साथ काम कर रहा था, वो सभी बहुत सीरियस थे. लेकिन मैं अपने पहले टेलीविजन शो के दौरान सीरियस नहीं था, क्योंकि मैं टीवी करना ही नहीं चाहता था. मेरे लिए, टीवी करना एक अभिनेता के रूप में मेरा अंत था. मैंने फिल्में कीं, लेकिन वो रिलीज ही नहीं हुईं. मेरे पास खाना खाने तक के पैसे नहीं थे. मुझे घर की देखभाल करनी होती थी. मैंने अपनी नौकरी छोड़ दी थी, क्योंकि मुझे लगा था कि 2-3 फिल्में करने के बाद मैं 'सफल' हो चुका हूं. लेकिन मैं गलत था.
क्यों तड़पकर रोते थे आमिर? आमिर आगे बोले- जब मैंने टीवी इंडस्ट्री में काम करना शुरू किया, तो मेरी इसमें कोई दिलचस्पी नहीं थी. मैं हर दिन अपनी वैन में रोता था. जो लोग मेरे साथ फिल्में करते थे, अगर वो मुझसे पूछते थे कि मैं टीवी शोज क्यों कर रहा हूं तो मैं बस उन्हें पकड़कर आधे घंटे तक रोता रहता था.













