
कॉमेडी शो के बाद नेटफ्लिक्स के साथ वेब सीरीज बनाएंगे कपिल शर्मा? ऐसी है चर्चा
AajTak
कपिल शर्मा और नेटफ्लिक्स का साथ पिछले 2 साल से कई लोगों का मनोरंजन कर रहा है. अब लगता है कि ये पार्टनरशिप और आगे बढ़ने वाली है. खबर है कि नेटफ्लिक्स कॉमेडियन के साथ मिलकर एक वेब सीरीज बनाने वाला है.
इंडिया के सबसे बड़े कॉमेडियन में से एक कपिल शर्मा अपने फैंस के फेवरेट हैं. वो हर हफ्ते नेटफ्लिक्स पर अपना कॉमेडी शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' लेकर आते हैं, जिससे लोगों का दिल खुश होता है. उन्हें हंसने के अनगिनत मौके मिलते हैं. कपिल अपनी फिल्मों से भी छाए रहते हैं.
वेब सीरीज बनाएंगे कपिल शर्मा?
कपिल शर्मा पिछले दो साल से नेटफ्लिक्स के साथ घर-घर खुशियां बांट रहे हैं. उनका 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' हर साल नए सीजन और गेस्ट्स के साथ लौटता है. अब पॉपुलर कॉमेडी शो के बाद, कपिल वेब सीरीज में भी नजर आ सकते हैं. वैराइटी इंडिया की रिपोर्ट अनुसार, नेटफ्लिक्स कपिल शर्मा के साथ एक कॉमेडी वेब सीरीज बनाने का प्लान कर रहा है, जिसमें कॉमेडियन मेन लीड होंगे.
सूत्रों के मुताबिक, इसकी शूटिंग अगले महीने से इंडिया के बाहर शुरू होगी. हालांकि मेकर्स की तरफ से फिलहाल कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है. कुछ दिनों पहले कपिल शर्मा के शो का अगला सीजन अनाउंस हुआ है. खबर ये भी है कि नेटफ्लिक्स ने कपिल शर्मा की अपकमिंग फिल्म 'दादी की शादी' के भी स्ट्रीमिंग राइट्स खरीद लिए हैं.
नीतू कपूर संग फिल्म में दिखेंगे कपिल शर्मा
कपिल की फिल्म 'दादी की शादी' इसी साल रिलीज होनी है, जिसमें नीतू कपूर और उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी शामिल हैं. ये रिद्धिमा की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म भी है. इसमें कपिल के साथ सादिया खातिब को कास्ट किया गया है, जिसकी कहानी एक ऐसे परिवार की है, जिसमें दादी दोबारा शादी करने की बात कहती है और पूरे परिवार में बवाल मच जाता है.













