
'कास्टिंग काउच नहीं होता', चिरंजीवी के बयान पर बवाल, चिन्मयी का जोरदार पलटवार- गलती महिलाओं की...
AajTak
चिरंजीवी के कास्टिंग काउच पर दिए बयान के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. सिंगर चिन्मयी ने बयान को गलत बताते हुए इंडस्ट्री की कड़वी सच्चाई सामने रखी है.
तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी के ये कहने कि- 'फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच जैसी कोई चीज नहीं होती और अगर किसी के साथ बुरा अनुभव हुआ है तो उसमें उनकी अपनी पसंद और हालात का भी हाथ हो सकता है', के बाद एक जुबानी जंग सी छिड़ गई है. मशहूर सिंगर और वॉइस आर्टिस्ट चिन्मयी ने खुलकर उनके बयान को गलत बताया है.
भड़कीं सिंगर, दिखाया आईना
चिन्मयी ने साफ कहा कि इंडस्ट्री में ऐसे पुरुष मौजूद हैं जो ये मानते हैं कि महिलाएं उनसे काम के बदले सेक्सुअल फेवर देने की हकदार हैं. उन्होंने ये भी कहा कि यौन शोषण जैसी घटनाएं इसलिए नहीं होतीं क्योंकि पीड़ित महिलाएं 'खुद चाहती थीं.' चिन्मयी ने अपने साथ हुई एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि मशहूर गीतकार वैरामुथु ने कथित तौर पर उनके साथ बदसलूकी की थी. उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं इसलिए नहीं होतीं क्योंकि महिलाएं इसके लिए जिम्मेदार होती हैं.
उन्होंने आगे बताया कि चिरंजीवी जैसे बड़े सितारे ऐसा क्यों सोचते होंगे. उनके अनुसार फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच बहुत आम है. अगर महिलाएं 'फुल कमिटमेंट' नहीं देतीं, तो उन्हें काम नहीं दिया जाता. उन्होंने कहा कि 'फुल कमिटमेंट' इंडस्ट्री में सेक्सुअल फेवर के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है.
X पर एक लंबे पोस्ट में चिन्मयी ने लिखा कि कई पुरुष ऐसी जगहों पर बैठे हैं जहां उन्हें लगता है कि वे महिलाओं से फिजिकल इंटीमेसी की मांग कर सकते हैं और इसकी उम्मीद भी रखते हैं.
उन्होंने एक और सच्ची घटना बताई, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक व्यक्ति ने स्टूडियो में एक महिला म्यूजिशियन के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी. डर के कारण वो महिला साउंड बूथ में खुद को बंद कर लेती है. बाद में एक सीनियर व्यक्ति ने आकर उसे बचाया. उस घटना के बाद उस महिला ने वो जगह छोड़ दी. चिन्मयी ने ये भी बताया कि एक पुरुष सिंगर ने महिलाओं के साथ गलत व्यवहार किया और उन्हें ऑनलाइन अश्लील तस्वीरें भेजी.













