
करूर हादसे के बाद TVK चीफ विजय की रैली में फिर घटी दुर्घटना, दिल का दौरा पड़ने से शख्स की मौत
ABP News
Vijay Salem Rally: रैली में मरने वाले शख्स के बारे में पुलिस ने बताया कि मृतक सूरज टीवीके की ओर से पार्टी पदाधिकारियों के लिए आयोजित जनसभा में एक दर्शक के तौर पर शामिल होने के लिए गया था.
तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख विजय की रैली में एक बार फिर से बड़ी घटना घटी गई है. तमिलनाडु के सलेम में आयोजित टीवीके चीफ विजय की रैली के दौरान शुक्रवार (13 फरवरी, 2026) को एक शख्स की कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई.
सलेम के पुलिस अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि महाराष्ट्र के रहने वाले 37 साल के व्यक्ति की आज शुक्रवार (13 फरवरी, 2026) को तमिलनाडु के सलेम में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. मृतक की पहचान महाराष्ट्र के मूल निवासी सूरज के रूप में हुई है.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया- पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने आगे कहा कि मृतक सूरज सलेम के सेव्वैपेट्टई इलाके में रहता था और वहां चांदी से जुड़े काम करता था. वह शादीशुदा था और उनके परिवार में उसकी पत्नी और उसका एक बच्चा भी है. वह टीवीके की ओर से पार्टी पदाधिकारियों के लिए आयोजित जनसभा में एक दर्शक के तौर पर शामिल होने के लिए गया था, लेकिन सलेम में कार्यक्रम के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.













