
ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस और ट्रैविस हेड ने ठुकराई 83 करोड़ की डील, IPL टीम ने दिया था ऑफर!
AajTak
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने विदेशी टी20 लीगों में फुल-टाइम खेलने के लिए सालाना 10 मिलियन डॉलर (83 करोड़) का ऑफर ठुकरा दिया. दोनों खिलाड़ियों ने अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है. रिपोर्ट के अनुसार, यह ऑफर एक आईपीएल टीम समूह की ओर से दिया गया था.
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी पैट कमिंस और ट्रैविस हेड ने विदेशी टी20 लीगों में फुल-टाइम खेलने के लिए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट छोड़ने के बदले मिले 10 मिलियन डॉलर (लगभग 83 करोड़ रुपये) के वार्षिक ऑफर को ठुकरा दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलियाई टीम के इन दोनों दिग्गजों को एक आईपीएल टीम ग्रुप से यह भारी-भरकम प्रस्ताव मिला था. लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार करते हुए अपने देश के लिए खेलने को प्राथमिकता दी.
जानें क्या है पूरा मामला
सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों के मैनेजमेंट ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की. ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष खिलाड़ी वार्षिक अनुबंध से करीब 1.5 मिलियन डॉलर कमाते हैं, जबकि कप्तानी भत्ते सहित कमिंस की सालाना आय लगभग 3 मिलियन डॉलर है.
यह भी पढ़ें: भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान, मिचेल मार्श बने रहेंगे कप्तान, इस दिग्गज तेज गेंदबाज की वापसी
कमिंस और हेड दोनों ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शीर्ष कमाई करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं. कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए 18 करोड़ रुपये कमाते हैं, जबकि हेड ने 2025 सीजन में उसी टीम के लिए 14 करोड़ रुपये का अनुबंध प्राप्त किया था.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, राज्य संघों और खिलाड़ियों के संगठन के बीच बिग बैश लीग (BBL) को निजी निवेशकों के हवाले करने (प्राइवेटाइजेशन) पर चर्चा चल रही है. कमिंस और हेड को मिले ऑफर इस बात का उदाहरण हैं कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का परिदृश्य कितनी तेजी से बदल रहा है और क्यों बीबीएल में निजी निवेश की जरूरत महसूस की जा रही है.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












