
उत्तराखंड: हर्षिल घाटी के सेब काश्तकारों की सरकार को चेतावनी, कहा- कोल्ड स्टोर शुरू हो वरना सेब महोत्सव का होगा बहिष्कार
ABP News
हर्षिल घाटी के सेब उत्तराखंड में काफी मश्हूर हैं. यहां के एकमात्र कोल्ड स्टोर का संचालन बंद होने से सेब काश्तकार नाराज हैं. उन्होंने सरकार से कहा कि अगर चालू नहीं हुआ तो सेब महोत्सव का बहिष्कार होगा.
एक ओर सरकार ने हर्षिल घाटी के सेब को पहचान दिलाने के लिए विधानसभा में हर्षिल के सेब बांटे तो वहीं दूसरी ओर अब देहरादून में सेब महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. अपनी गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध हर्षिल घाटी में बना एकमात्र कोल्ड स्टोर का संचालन भी ठप पड़ा हुआ है. जबकि घाटी में अब सेब तुड़ान शुरू हो गई है, लेकिन सेब रखने के लिए कहीं स्थान नहीं है, तो वहीं हर्षिल घाटी के सेब काश्तकारों ने सरकार को चेतावनी दी है अगर कोल्ड स्टोर शुरू नहीं होता है तो सेब महोत्सव का बहिष्कार किया जाएगा और महोत्सव में हर्षिल के सेब नहीं भेजे जाएंगे. हर्षिल घाटी के सेब काश्तकारों का कहना है कि वर्ष 2020 के बाद से घाटी के सेब काश्तकारों के लिए 8 करोड़ की लागत से बनी कोल्ड स्टोर का संचालन बन्द पड़ा हुआ है. काश्तकारों का कहना है कि अब हर्षिल घाटी में सेब के उत्पादन की तुड़ान शुरू हो गई है, लेकिन कोल्ड स्टोर संचालन बंद होने के कारण अब काश्तकारों के पास सेब रखने के लिए स्थान नहीं मिल पा रहा है और काश्तकारों को सेब खराब होने का डर सता रहा है.More Related News
