
आते ही सुपरहिट हुई Tata Sierra! चंद दिनों में 10000 के पार हुई सेल, जानिए राइवल्स और कीमत
ABP News
Tata Sierra Delivery: टाटा मोटर्स सिएरा की डिलीवरी पूरे जोरों-शोरों से कर रही है. कंपनी प्रोडक्शन बढ़ाने और मांग पूरा करने पर ध्यान दे रही है. इस गाड़ी का प्रोडक्शन सानंद प्लांट में हो रहा है.
भारतीय बाजार में टाटा मोटर्स ने ऐलान किया है कि नई टाटा सिएरा की डिलीवरी 10 हजार यूनिट्स का आंकड़ा पार कर चुकी है. इस कार की डिलीवरी 15 जनवरी 2026 से शुरू की गई थी. खास बात यह है कि बुकिंग शुरू होने के कुछ ही समय में इस SUV को 1 लाख से ज्यादा ऑर्डर मिल गए थे. कंपनी ने Tata Sierra की आधिकारिक बुकिंग 16 दिसंबर 2025 से शुरू की थी और पहले ही दिन 70 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे बुक कराया था.
टाटा मोटर्स सिएरा की डिलीवरी पूरे जोरों-शोरों से कर रही है. कंपनी प्रोडक्शन बढ़ाने और मांग पूरा करने पर तेजी से ध्यान दे रही है. इस गाड़ी का प्रोडक्शन सानंद प्लांट में हो रहा है. इसी प्लांट में कंपनी की नेक्सन का भी प्रोडक्शन होता है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि टाटा नेक्सन कंपनी की मोस्ट-सेलिंग कारों पर सबसे टॉप पर रहती है.
टाटा सिएरा के पावरट्रेन की बात की जाए तो इसमें 1.5 लीटर के तीन इंजन ऑप्शन दिए गए हैं, जिनमें नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल, टर्बो पेट्रोल और डीजल इंजन शामिल हैं. टाटा सिएरा में ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल, 7-स्पीड DCT और 6-स्पीड ऑटोमैटिक का ऑप्शन मिलता है.
टाटा सिएरा SUV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11.49 लाख रुपये है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत 21.29 लाख रुपये तक जाती है. खास बात यह है कि बेस मॉडल से ही इसमें अच्छे फीचर्स मिलना शुरू हो जाते हैं.













