
'आतंकियों ने आपके नाम से अकाउंट खोला है...' ATS अधिकारी बनकर बुजुर्ग से ठगे 2.25 करोड़
AajTak
मुंबई में साइबर ठगों ने एक 77 वर्षीय बुजुर्ग को आतंकवाद से जुड़े फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर 2.25 करोड़ रुपये की ठगी कर ली. आरोपियों ने खुद को पुलिस और एंटी टेरर स्क्वॉड का अधिकारी बताकर पीड़ित को डराया और जांच के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए. मामले की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने गुजरात से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
महाराष्ट्र के मुंबई में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें ठगों ने एक 77 साल के बुजुर्ग को आतंकवाद से जुड़े फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर करीब 2.25 करोड़ रुपये ठग लिए. इस मामले में मुंबई पुलिस ने गुजरात से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशन भावेशभाई मकवाना के रूप में हुई है. आरोप है कि वह साइबर ठगों के लिए बैंक खाते खोलकर उनमें ठगी से हासिल रकम जमा कराने में मदद करता था. पुलिस ने उसे तकनीकी विश्लेषण और जांच के आधार पर हिरासत में लिया.
यह मामला मुंबई के गोरेगांव निवासी एक बुजुर्ग की शिकायत के बाद सामने आया. पीड़ित ने बताया कि नवंबर 2025 में उसे एक फोन कॉल आया था. कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई पुलिस मुख्यालय का वरिष्ठ अधिकारी आकाश शर्मा बताया. उसने आरोप लगाया कि पीड़ित के नाम से जम्मू-कश्मीर में एक बैंक खाता खोला गया है, जिसका इस्तेमाल आतंकवादियों के लिए किया गया है और इसके बदले उन्हें 70 लाख रुपये कमीशन मिला है.
जब बुजुर्ग ने पूछताछ के लिए उपस्थित होने में असमर्थता जताई, तो कॉल एक अन्य व्यक्ति को ट्रांसफर कर दी गई, जिसने खुद को लखनऊ एंटी टेररिज्म स्क्वॉड का अधिकारी बताया. ठगों ने पीड़ित को बताया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर यह खाता खोला गया है और उसमें संदिग्ध धनराशि जमा की गई है.
इसके बाद पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक नोटिस भी भेजा गया, जिस पर उस समय के एनआईए प्रमुख सदानंद दाते के हस्ताक्षर होने का दावा किया गया था. नोटिस में चेतावनी दी गई थी कि जांच में सहयोग नहीं करने पर उन्हें 10 साल की जेल और 5 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है. साथ ही एक फर्जी गिरफ्तारी वारंट और जब्ती आदेश की कॉपी भी भेजी गई.
डर के कारण बुजुर्ग ने ठगों के कहने पर अपने बैंक खातों की जानकारी साझा कर दी और 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2025 के बीच कई किश्तों में कुल 2.25 करोड़ रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए. पैसे मिलने के बाद ठगों ने पीड़ित से कहा कि उनकी जमानत मंजूर हो गई है और जल्द ही पूरी रकम वापस कर दी जाएगी. बाद में जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उसने उत्तर क्षेत्रीय साइबर डिवीजन में शिकायत दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी किशन मकवाना की भूमिका की पुष्टि की और उसे इस सप्ताह गुजरात से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है.

'ऐसे बनेंगे विश्वगुरु...', सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े बच्चे ने ऐसा क्या कहा कि हो गया वायरल; देखें
मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के पन्ना रोड पर खुले स्वरूप गैस एजेंसी के गोदाम से लोगों को LPG गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं और लोग घरेलू गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतार में लगे हुए हैं. इसी लाइन में लगे एक 14 वर्षीय लड़के ने अपनी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सबके होश उड़ा दिए,जिसका वीडियो जबरदस्त वायरल हो रहा है. देखिए.

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में LPG सिलेंडर की कमी से ज्यादातर खाने पीने के स्टॉल परेशान है. और इससे खाना पकाने का भी खर्चा बढ़ गया है, क्योंकि कमर्शियल गैस नहीं मिलने की वजह से कई लोगों मे कोयले की भट्टी और इलेक्ट्रिक स्टोव का इस्तेमाल करना शुरु कर दिया है. कुछ दुकानदारों ने ये बढ़ा हुआ खर्च ग्राहकों पर डाल दिया है.

बिहार समेत 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए हुए चुनाव में कई दिलचस्प नतीजे सामने आए. बिहार, ओडिशा और हरियाणा को छोड़कर अन्य सात राज्यों में 26 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए. वहीं, बिहार की सभी पांच सीटें एनडीए ने जीतीं, जबकि ओडिशा में बीजद और कांग्रेस विधायकों की क्रॉस-वोटिंग के कारण भाजपा को दो सीटें मिलीं. हरियाणा में मतपत्र की गोपनीयता को लेकर विवाद के कारण मतगणना करीब 5 घंटे तक रुकी रही.

दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की कमी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है, खासकर झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं. गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप में कई घरों में खाना बनना बंद हो गया है. पहले 900 रुपये का सिलेंडर अब ब्लैक मार्केट में 4,000 रुपये तक बिक रहा है, जबकि खुले में बिकने वाली गैस 400 रुपये प्रति किलो मिल रही है. कई लोग लकड़ी से खाना बना रहे हैं और गैस एजेंसियों की ओर से मदद नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं.









