
अलीगढ़ पुलिस का नशा तस्करों पर एक्शन, 2.5 करोड़ का 500 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार और छह फरार
ABP News
Aligarh News: अलीगढ़ पुलिस ने ढाई करोड़ की 500 किलो गांजा बरामद किया. यह खेप उड़ीसा से लाई जा रही थी, जिसको पुलिस ने पकड़ लिया. एक आरोपी पुष्पेंद्र गिरफ्तार, छह फरार साथ में ट्रैक्टर, कार, बाइक बरामद.
उत्तर प्रदेश: अलीगढ़ पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाई करोड़ रुपये की कीमत का 500 किलो गांजा बरामद किया है. इस ऑपरेशन में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि छह अन्य आरोपी फरार हैं. बताया जाता है कि ये आरोपी बड़े स्तर पर गांजे की खेप को अलग-अलग राज्यों से लाकर अलीगढ़ में सप्लाई करने का काम करते थे.
दरअसल पूरा मामला जिला अलीगढ़ के कोतवाली इगलास का है, जहां पुलिस ने अंतर्जनपदीय गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. इगलास पुलिस ने ढाई करोड़ की कीमत का 500 किलो गांजा आरोपियों से बरामद किया है. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए.
उपरोक्त आरोपी उड़ीसा से गांजा लाते थे और उसके बाद अलग-अलग जिलों में गांजे की सप्लाई करते थे. ये आरोपी उड़ीसा से वाहन में छुपाकर कैबिनेट बॉक्स में गांजा लाते थे. आरोपी अलग-अलग टोल और नाकों से अलग-अलग तरीके से गांजे को उत्तर प्रदेश में प्रवेश कराया करते थे और उसके बाद अलीगढ़ जिले में गांजे की खेप को लाकर अलग-अलग लोगों को सप्लाई करते थे.
पुलिस ने पुष्पेंद्र उर्फ बच्चन पुत्र बच्चू सिंह, निवासी गांव सिकुर्रा, थाना इगलास को गिरफ्तार किया है. वहीं आधा दर्जन आरोपी फरार चल रहे हैं. फरार आरोपियों में कृपाल सिंह पुत्र कोमल सिंह निवासी गढ़ी धनु थाना गोरई, नीरज उर्फ टाइगर पुत्र अशोक कुमार निवासी खुर्द कजरौठ, नेहना उर्फ रवि निवासी गांव कजरौठ, अमन चौधरी उर्फ छोटू पुत्र नाम मालूम निवासी तेहरा थाना इगलास, सत्यपाल पुत्र नाम मालूम निवासी तेहरा और सोनू पुत्र नाम मालूम निवासी तेहरा शामिल हैं.













