
अभिषेक शर्मा को मिले ब्रेक, संजू सैमसन की हो एंट्री... वीरेंद्र सहवाग ने टीम इंडिया को दी सलाह
AajTak
वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि अभिषेक शर्मा को अब ब्रेक दिया जाए, जबकि संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में जगह मिलनी चाहिए. अभिषेक ने मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में अब तक चार पारियों में 15 रन बनाए हैं.
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. ग्रुप स्टेज में अभिषेक लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हुए. वहीं सुपर-8 के पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वह सिर्फ 12 गेंदों में 15 रन ही बना सके. भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ वो मुकाबला 76 रनों से गंवा बैठी थी, जिसके चलते उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को झटका लगा है.
अब अभिषेक शर्मा को लेकर टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने बड़ा बयान दिया है. सहवाग का मानना है कि चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले अहम मैच में अभिषेक को आराम देना चाहिए. अभिषेक के लिए यह टूर्नामेंट अब तक बेहद निराशाजनक रहा है. बीमारी से जूझने के साथ-साथ वह खराब फॉर्म में भी दिखे. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट लगातार अभिषेक का समर्थन करता रहा, ताकि वह फॉर्म में लौटकर टॉप ऑर्डर की समस्या को सुलझा सकें.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के लिए फैसले की घड़ी? संजू या अभिषेक किसका बल्ला क्या कहता है, सुपर-8 में कौन ज्यादा काम का
वीरेंद्र सहवाग मानते हैं कि इतने बड़े और अहम मैच में जोखिम लेना सही नहीं है. क्रिकबज से बातचीत में सहवाग ने कहा कि अगर वह टीम का हिस्सा होते, तो अभिषेक शर्मा को ब्रेक देकर संजू सैमसन को मौका देते. उनके मुताबिक, यह ऐसा मुकाबला है जिसमें हार का मतलब टूर्नामेंट से बाहर होना है, इसलिए प्लेइंग इलेवन का चयन पूरी तरह फॉर्म के आधार पर होना चाहिए.
भारत का नेट रनरेट माइनस में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बड़ी हार के बाद भारतीय टीम का नेट रन रेट -3.800 हो गया है, जो चिंता का विषय बना हुआ है. अगर वेस्टइंडीज सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हरा देता है, तो भारत पर दबाव और बढ़ सकता है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अब हर चयन और रणनीतिक फैसला बेहद अहम हो गया है.
वीरेंद्र सहवाग ने यह भी साफ किया कि टीम की रणनीति में कोई बड़ी कमी नहीं है. उनके अनुसार समस्या रणनीति के अमल यानी एक्जीक्यूशन में रही है. उन्होंने कहा कि चयन में बदलाव हो सकते हैं, लेकिन खिलाड़ियों को मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करना होगा. उन्होंने यह भी जोड़ा कि अभिषेक शर्मा के साथ-साथ तिलक वर्मा भी अच्छी फॉर्म में नहीं हैं और टीम को इसे ध्यान में रखना होगा.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












