
Who is Aryaman Birla: कौन है RCB के नए चेयरमैन आर्यमन बिड़ला, जिन्हें IPL में राजस्थान रॉयल्स ने खरीद था
ABP News
Who is RCB Chairman Aryaman Birla: आर्यमन बिड़ला को आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था, जिन्होंने एंग्जायटी के कारण क्रिकेट से ब्रेक ले लिया था. अब आरसीबी के चेयरमैन बने हैं. जानिए उनके बारे.
IPL 2026 का काउंटडाउन शुरू हो गया है. 3 दिन बाद यानी 28 मार्च से दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग शुरू होगी, जिसमें 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आदित्य बिड़ला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटेजी और बोल्ट वेंचर्स ने मिलकर खरीद लिया है. इन्होंने यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड से 16, 660 करोड़ रुपये में डील पूरी कर ली है, इससे आरसीबी आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी टीम बन गई है. आर्यमन बिड़ला आरसीबी के नए चेयरमैन बन गए हैं, जिन्हें आईपीएल ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था.
आर्यमन बिड़ला, आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे हैं. आर्यमन अभी 28 साल के हैं, जो डोमेस्टिक में मध्य प्रदेश के लिए खेलते थे. वह आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार और वेंकटेश अय्यर के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर कर चुके हैं.
आर्यमन का जन्म 9 जुलाई, 1997 को मुंबई में हुआ था. वह 9 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके हैं. इनमें खेली 16 पारियों में उनके नाम 414 रन हैं, जिसमें एक शतक शामिल है. आर्यमन लिस्ट ए के 4 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 36 रन बनाए. उन्होंने अपना आखिरी घरेलू मैच आंध्रा के खिलाफ 7 जनवरी, 2019 में खेला था.
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2018 के मेगा ऑक्शन में आर्यमन बिड़ला को 30 लाख रुपये में खरीदा था. हालांकि वह आईपीएल डेब्यू नहीं कर पाए. 2020 के सीजन से पहले राजस्थान ने उन्हें रिलीज कर दिया. इसी समय गंभीर एंग्जायटी के चलते उन्होंने क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया था. तब उन्होंने बताया था कि मुश्किलों के बाद भी उन्होंने खुद को आगे बढ़ाया, लेकिन वह सब चीजों से ऊपर मानसिक सेहत और उनकी भलाई को रखना चाहते हैं. इसके बाद वह क्रिकेट में नहीं लौटे और अभी आदित्य बिड़ला मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के डायरेक्टर हैं.













