
Watch: बाउंड्री पर दिखी हैरतअंगेज फील्डिंग, पैट कमिंस और शिवम मावी ने मिलकर ऐसे लपका कैच
ABP News
IPL में सोमवार को हुए मुकाबले में राजस्थान के बल्लेबाज रियान पराग का कैच आउट देखना बड़ा ही दिलचस्प रहा.
IPL में हर दिन कुछ न कुछ अजब-गजब या दिलचस्प नजारे दिखते रहते हैं. सोमवार रात को हुए मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही हुआ. राजस्थान रॉयल्स (RR) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के इस मुकाबले में एक हैरतअंगेज कैच देखने को मिला. KKR के पैट कमिंस और शिवम मावी ने मिलकर यह कैच लपका. सोशल मीडिया पर इस कैच के लिए इन दोनों खिलाड़ियों की इस कोशिश को जमकर सराहा जा रहा है.
राजस्थान की पारी के 18वें ओवर में यह कैच देखने को मिला. KKR के गेंदबाज सुनील नरेन बॉलिंग कर रहे थे और उनके सामने राजस्थान के रियान पराग बल्लेबाजी कर रहे थे. नरेन के इस ओवर की पहली ही गेंद पर रियान ने लॉन्ग ऑफ की तरफ सिक्स जड़ने की कोशिश की. गेंद बाउंड्री पार करे उससे पहले ही KKR के खिलाड़ी पैट कमिंस ने इसे लपक लिया, हालांकि गेंद पकड़ने के बाद वह बाउंड्री की और गिरने लगे, ऐसे में उन्होंने बाउंड्री से टच होने के पहले ही गेंद को दूसरे फिल्डर शिवम मावी की ओर फेंक दिया, जिसे शिवम मावी ने शानदार अंदाज में जकड़ा. इसी के साथ रियान पराग को पवेलियन लौटना पड़ा. अब सोशल मीडिया पर इस कैच का वीडियो वायरल हो रहा है.













