
The Kerala Story 2: 'बेटी ने खुद को शहीद कर दिया', बताते हुए रो पड़ीं पीड़िता की मां
AajTak
'द केरल स्टोरी 2' को लेकर बढ़ते विरोध के बीच, फिल्ममेकर्स ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. यहां कथित असली पीड़ितों को स्टेज पर बुलाया गया. इस इवेंट के दौरान फरीदाबाद से आई एक पीड़िता की मां भावुक होकर रो पड़ीं. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की कथित तौर पर 2020 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
फिल्म 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' विवादों में बनी हुई है. इसे CBFC से कट्स लगाने के बाद कोर्ट से हरी झंडी मिल रही है. पिक्चर 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. शुरुआत से ही 'द केरल स्टोरी 2' को 'प्रोपगैंडा' बताया जा रहा है. 2023 में आई 'द केरल स्टोरी' का सीक्वल बताई जा रही ये फिल्म उसका सीधा कंटिन्यूएशन नहीं है. लेकिन इसकी मुख्य थीम कथित जबरन धर्म परिवर्तन ही है. फिल्म में भारत के अलग-अलग हिस्सों की तीन हिंदू महिलाओं को दिखाया गया है, जो परिवार की मर्जी के खिलाफ मुस्लिम पुरुषों के प्यार में पड़ जाती हैं.
असली पीड़िता की मां फूट-फूटकर रोईं
बढ़ते विरोध के बीच, फिल्ममेकर्स ने सोमवार, 23 फरवरी को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जहां कई कथित असली पीड़ितों को स्टेज पर बुलाया गया. इस इवेंट के दौरान फरीदाबाद से आई एक पीड़िता की मां भावुक होकर रो पड़ीं. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की कथित तौर पर 2020 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
उन्होंने कहा, 'ये 20 अक्टूबर 2020 को हुआ था. मुझे ऐसा लगता है कि मेरी बेटी की सुंदरता और पढ़ाई की वजह से, और एक तरफा प्यार की वजह से... मेरी बेटी स्कूल में भी टॉप करती थी और कॉलेज में भी टॉप कर रही थी. वो सामाजिक कामों में भी जाती थी, और मैं भी उसके साथ जाती थी जहां उसे बुलाया जाता था. शायद उसकी नजर मेरी बेटी पर पड़ी और उसने जबरदस्ती शादी का दबाव डालना शुरू कर दिया...'
बेटी का हुआ अपहरण और जबरन शादी
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि उनकी बेटी का अपहरण कर लिया गया था और उसे लड़के के घर ले जाया गया, जहां उसके परिवार ने भी शादी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला. उन्होंने कहा कि वे राजपूत हैं, जबकि लड़का मुस्लिम था. मां के अनुसार, बेटी ने उससे शादी करने से साफ मना कर दिया था. उन्होंने दावा किया कि उनके घर पर एक वकील मौजूद था ताकि निकाह हो सके, लेकिन बेटी ने सहमति नहीं दी.













