
Summon Mode: हादसा या तकनीकी खराबी? Harrier EV की चपेट में आकर शख्स की मौत! वीडियो से उठे सवाल
AajTak
Harrier EV Summon Mode: इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें दावा किया जा रहा है कि, तमिलनाडु के अविनाशी इलाके में टाटा हैरियर में दिए जाने वाले समन मोड के चलते एक व्यक्ति एसयूवी के चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
समय के साथ मॉर्डन कारें भी स्मार्टफोन और अन्य गैजेट्स की ही तरह फीचर-पैक्ड हो चुकी हैं. प्रतिस्पर्धा की इस दौड़ में आगे बने रहने के लिए वाहन निर्माता कंपनियां लगातार अपनी कारों में एडवांस फीचर्स और तकनीकी को शामिल कर रही है. सुविधा के लिए बनाए गए ये फीचर्स जहा ड्राइविंग को आसान बनाते हैं वहीं कभी-कभी ये हादसों की बड़ी वजह भी बन रहे हैं. ऐसा ही एक मामला तमिलनाडु से सामने आया है, जहां एक वीडियो ने कारों में मिलने वाली आधुनिक तकनीकी से आम लोगों की सुरक्षा पर तगड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. इस वीडियो में टाटा हैरियर इलेक्ट्रिक एसयूवी के चपेट में आने से एक शख्स की मौत का दावा किया जा रहा है.
दरअसल, Reddit पर एक यूजर द्वारा एक वीडियो अपलोड किया गया है. इस वीडियो पोस्ट में यूजर ने दावा किया है कि, टाटा हैरियर इलेक्ट्रिक एसयूवी के समन मोड (Summon Mode) के चलते एसयूवी के चपेट में आ जाने के कारण उसके एक रिश्तेदार की दर्दनाक मौत हो गई. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि, टाटा हैरियर एसयूवी एक मकान के गेट पर स्लोपी (ढलान) पोजिशन में खड़ी है. इस दौरान अचानक एसयूवी पीछे की तरह लुढ़कने लगती है और कार के खुले हुए दरवाजे के साथ खड़ा शख्स भी कार के साथ पीछे आने लगता है और उसकी चपेट में आ जाता है.
ये सारा मामला इतनी तेज होता है कि, आसपास मौजूद कई लोग भी कुछ नहीं कर पाते हैं. Reddit पोस्ट में बताया गया है कि, इस हादसे में उक्त शख्स के सिर में गंभीर चोट लगती है जिसके चलते उसकी मौत हो गई है. इस पोस्ट के अनुसार यह घटना तमिलनाडु के अविनाशी की है और हाइसे का वीडियो पास में ही लगे सीसीटीवी में कैद हुआ है. सीसीटीवी में समय और तारीख 14 अगस्त 2025, शाम लगभग 5:53 बजे दिखाई दे रही है.
पोस्ट के अनुसार, जब कार पीछे की तरफ आने लगी तो उस व्यक्ति ने कार के अंदर घुसकर ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकने की कोशिश की. लेकिन भारी एसयूवी की स्पीड के चलते वो भी उसके साथ घिसटने लगा जिससे वह तेजी से ज़मीन गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई. गाड़ी पीछे जाते समय उसके पैरों के ऊपर से गुज़र गई और पीछे एक छोटी सी दुकाने से जाकर टकराई. ये एसयूवी यहीं नहीं रूकी फिर गाड़ी आगे बढ़ी और एक बार फिर से ये नीचे गिरे शख्स पर चढ़ने ही वाली थी कि, अचानक लोगों ने गाड़ी रोक लिया या वो खुद रूक गई. अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
इस दर्दनाक हादसे के वीडियो ने इंटरनेट पर टाटा हैरियर इलेक्ट्रिक के समन मोड को लेकर एक तगड़ी बहस छेड़ दी है. लोग तमाम तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा है कि, "पीड़ित व्यक्ति ने या तो समन मोड इस्तेमाल करने की कोशिश की थी या फिर गलती से मोड चालू हो गया था, किसी भी हालत में, दरवाज़ा खुला होने पर मोड काम नहीं करना चाहिए था. जब कार चलने लगी, तो उसने ब्रेक लगाने की कोशिश की, जिससे वह तेजी से ज़मीन पर गिरा और इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई होगी."
टाटा हैरियर EV में दिया गया Summon Mode एक एडवांस्ड फीचर है, जो वाहन को ड्राइवर के बिना खुद से आगे-पीछे या थोड़ा-बहुत साइड में मूव करने की सुविधा प्रदान करता है. इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि ड्राइवर को बहुत तंग पार्किंग स्पेस या भीड़-भाड़ वाली जगह पर गाड़ी को निकालने या पार्क करने में आसानी हो. आसान भाषा में समझें तो समन मोड आपकी कार को “रिमोट कंट्रोल वाली कार” की तरह बना देता है, जिसे आप बाहर खड़े होकर बस आगे या पीछे मूव कर सकते हैं.

इलेक्ट्रिक गाड़ियों के साथ सबसे बड़ी चुनौती उन्हें चार्ज करने की होती है. रेंज एंजायटी जैसे शब्द इसी चिंता से निकले हैं, जहां लोगों को ये डर सताता रहता है कि जाने कब उनकी कार बंद हो जाए और उसे चार्ज कहां करेंगे. इसका निदान चीनी कंपनियां तेजी से खोज रही हैं. एक चीनी कंपनी ने सिर्फ 11 मिनट में फुल चार्ज होने वाली सोडियम-आयन बैटरी तैयार की है.












