
ODI World Cup 2023: वर्ल्ड कप को लेकर जुबानी जंग... पाकिस्तानी खेल मंत्री ने दी भारत को गीदड़भभकी
AajTak
ओडीआई क्रिकेट वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से लेकर 19 नवंबर तक भारत में खेला जाना है. इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम के भाग लेने पर संशय है. अब पाकिस्तान के खेल मंत्री अहसान मजारी ने भारत को गीदड़भभकी दी है. मजारी ने कहा कि भारत एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आता है तो उनकी टीम भी वर्ल्ड कप के लिए इंडिया नहीं जाएगी.
आईसीसी ओडीआई क्रिकेट वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से लेकर 19 नवंबर तक भारत में खेला जाना है. इस मेगा टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम भी भाग लेने वाली है. हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने शेड्यूल जारी होने के बाद कहा था कि वो सरकार से अनुमति मिलने के बाद अपनी टीम को भारत भेजेगा. अब पाकिस्तान के खेल मंत्री अहसान मजारी ने भारत को गीदड़भभकी दी है. मजारी ने कहा कि अगर भारत एशिया कप के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने से बचता है, तो उनका देश वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएगा.
अंग्रेजी वेबसाइट इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए अहसान मजारी ने कहा, 'यह मेरी निजी राय है, क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) मेरे मंत्रालय के अधीन है. इसलिए अगर भारत अपने एशिया कप मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेलता है, तो हम भी भारत में होने वाले अपने वर्ल्ड कप मैचों को लेकर यही मांग करेंगे.' मजारी का बयान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर से हाई लेवल कमेटी बनाने के एक दिन बाद आया है. यह कमेटी ही वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर फैसला करेगी.
शहबाज शरीफ ने गठित की है कमेटी
मजारी ने कहा, 'कमेटी की अध्यक्षता विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी करेंगे और मैं उन 11 मंत्रियों में से हूं जो इसका हिस्सा हैं. हम इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे और अपनी सिफारिशें प्रधानमंत्री को देंगे, जो पीसीबी के संरक्षक भी हैं.' शहबाज शरीफ की ओर से गठित कमेटी में विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी, खेल मंत्री अहसान मजारी, मरियम औरंगजेब, असद महमूद, अमीन उल हक, कमर जमान कैरा और पूर्व राजनयिक तारिक फातमी शामिल हैं. संबंधित मंत्रियों ने पीसीबी को पहले ही संकेत दे दिए हैं कि एक उच्च स्तरीय सुरक्षा प्रतिनिधिमंडल भारत भेजा जाएगा, जो उन वेन्यू का निरीक्षण करेगा जहां पाकिस्तान को मैच खेलने हैं.
भारत-पाकिस्तान मैच पर बाबर आजम ने तोड़ी चुप्पी, कहा-सिर्फ टीम इंडिया से जीतना ही...
भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे विश्व कप का ब्लॉकबस्टर मुकाबला 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में विश्व के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. पाकिस्तानी टीम अपने दोनों अभ्यास में हैदराबाद में खेलेगी और उसके बाद इसी वेन्यू पर वह नीदरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ विश्व कप मैच में भाग लेगी. पाकिस्तानी टीम को चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता में भी अपने मैच खेलने हैं. भारत और पाकिस्तान एशिया कप और आईसीसी प्रतियोगिताओं में ही एक-दूसरे के खिलाफ मैच खेलते हैं.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












