
IND vs AUS: किंग कोहली की पारी ने तोड़ दिया ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान का सपना... अब यहां होगा फाइनल
AajTak
ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल जीतती तो फाइनल लाहौर में खेला जाता. लेकिन भारत की जीत ने पाकिस्तान की उम्मीदें भी तोड़ दी है जो फाइनल मैच को अपने घर पर करवाने का ख्वाब देख रहा था. भारतीय टीम अब फाइनल में साउथ अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी.
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम फाइनल में पहुंच गई है. 4 मार्च (मंगलवार) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराया. भारतीय टीम को जीत के लिए 265 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 11 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.
इस मुकाबले में भारतीय टीम की जीत के हीरो विराट कोहली रहे. कोहली ने 98 गेंदों पर 84 रनों की पारी खेली, जिसमें पांच चौके शामिल रहे. अब भारतीय टीम 9 मार्च को दुबई में ही फाइनल खेली. यदि ऑस्ट्रेलियाई टीम सेमीफाइनल जीतती तो फाइनल लाहौर में खेला जाता. लेकिन भारत की जीत ने पाकिस्तान की उम्मीदें भी तोड़ दी हैं, जो फाइनल मैच को अपने घर पर करवाने का ख्वाब देख रहा था. फाइनल में भारत का सामना साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा. दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाना है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत के दो विकेट 43 रनों पर ही गिर गए थे. लेकिन इसके बाद विराट कोहली ने मोर्चा संभालते हुए भारत को संकट से निकालकर भारत को विनिंग ट्रैक पर ले गए. कोहली ने पहले श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की पार्टनरशिप की. दोनों बल्लेबाजों ने इस पार्टनरशिप के दौरान बड़े शॉट्स मारने की बजाय सिंगल-डबल में ज्यादा विश्वास किया. श्रेयस ने तीन चौके की मदद से 62 गेंदों पर 45 रन बनाए.
श्रेयस अय्यर के आउट होने के बाद अक्षर पटेल (27) ने भी उपयोगी योगदान दिया और उनकी विराट कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 44 रनों की पार्टनरशिप हुई. फिर कोहली ने केएल राहुल के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी. कोहली के पास शतक बनाने का मौका था, लेकिन वो एडम जाम्पा की गेंद पर बड़ा शॉट मारने की कोशिश में बेन ड्वारशुइस को कैच थमा बैठे. कोहली के आउट होने के बाद केएल राहुल (42*) और हार्दिक पंड्या (28) ने उपयोगी बल्लेबाजी करके भारत की जीत की राह आसान कर दी.
विराट कोहली ने जैसी बल्लेबाजी की, उसने मैच को पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया से दूर कर दिया. कोहली ने इससे पहले पाकिस्तानी टीम की उम्मीदें भी तोड़ थी. कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ इसी मैदान पर नाबाद 100 रन बनाकर भारत को 6 विकेट से जीत दिलाई थी. उस हार के चलते पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट से आउट हो गई थी.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












