
Guinness World Record: AI समिट में भारत ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, मिले 2.5 लाख से अधिक एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी प्लेज
ABP News
AI Impact Summit 2026: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट में भारत ने 24 घंटे में एआई जिम्मेदारी अभियान के लिए सबसे अधिक संकल्प प्राप्त करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया है.
दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शिरकत करने देश दुनिया के तमाम टॉप टेक एक्सपर्ट पहुंचे हैं. इस दौरान भारत ने एक रिकॉर्ड अपने नाम किया है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि भारत ने 24 घंटे में एआई जिम्मेदारी अभियान के लिए सबसे अधिक संकल्प प्राप्त करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया है.
ऑफिशियल बयान के मुताबिक भारत ने 16-17 फरवरी 2026 को 24 घंटे की अवधि में कुल 2,50,946 वैध संकल्प प्राप्त कर ये खिताब अपने नाम किया है. आईटी मंत्रालय ने बताया कि ये देशव्यापी एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी प्लेज अभियान 16 फरवरी को इंडिया एआई मिशन के तहत इंटेल इंडिया के सहयोग से शुरू किया गया था, जिसके तहत नागरिकों को AIPledge.IndiaAI.Gov.in Portal के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नैतिक, समावेशी और जिम्मेदार उपयोग का संकल्प लेने के लिए आमंत्रित किया गया था.
प्रतिभागियों को दिए गए डिजिटल बैजआईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के निर्णायकों ने आधिकारिक रूप से इस रिकॉर्ड की पुष्टि की है. इस पहल के तहत प्रतिभागियों को डेटा गोपनीयता, जवाबदेही, पारदर्शिता और गलत सूचना से निपटने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार करने के लिए प्रेरित किया गया. इसके अलावा संकल्प पूरा करने वाले प्रतिभागियों को डिजिटल बैज और एआई लर्निंग पाथ-वे तक पहुंच दी गई.
क्या बोले केंद्रीय मंत्री केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा, "यही वह दिशा है जिसमें देश को आगे बढ़ना चाहिए. एक ऐसे भविष्य की ओर जहां एआई को जिम्मेदारी के साथ अपनाया जाए." उन्होंने युवाओं को एआई के जिम्मेदारी से उपयोग को लेकर प्रेरित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसका श्रेय दिया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने यह प्रेरणा दी कि एआई का उपयोग समाज के हित में किया जाए, ताकि ये तकनीक लोगों के जीवन को बेहतर बनाए और इसका जिम्मेदारी से इस्तेमाल हो.





