
तारिक रहमान के शपथ ग्रहण का पीएम मोदी को न्योजा भेजे जाने से बांग्लादेश पर बुरी तरह भड़के PAK एक्सपर्ट, बोले- बहुत बड़ी गलती कर दी...
ABP News
पाकिस्तानी एक्सपर्ट कमर चीमा ने कहा कि तारिक रहमान को पहले ही दिन भारत के खिलाफ तगड़ा बयान जारी करना चाहिए था ताकि बांग्लादेश की स्थिति मजबूत होती.
बांग्लादेशी प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को न्योता भेजे जाने से पाकिस्तानी बेहद नाराज हैं. पाक एक्सपर्ट कमर चीमा ने इसे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) प्रमुख तारिक रहमान का बेहद कमजोर कदम बताया है. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना भारत में हैं और तारिक रहमान पीएम मोदी को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता भेज रहे हैं. कमर चीमा ने कहा कि तारिक रहमान को पहले ही दिन भारत के खिलाफ तगड़ा बयान जारी करना चाहिए था.
कमर चीमा ने कहा कि इंडियंस सोचते हैं कि बांग्लादेश के पहले ही बड़े बुरे हालात हैं और वे हम पर निर्भर हैं. इंडियंस ये कभी पसंद नहीं करेंगे कि उनको कमजोर किया जाए. मेरा ख्याल है कि तारिक रहमान ने नरेंद्र मोदी को बुलाकर बड़ी कमजोर पॉजीशन ली है. ये जानते हुए कि आपकी पूर्व प्रधानमंत्री भारत में बैठी हुई हैं और आप वहां पीएम को बुला रहे हो. मतलब आप लोग खड़े ही नहीं हो सकते हो, आप तो अपना नजरिया ही नहीं रख सकते.
शेख हसीना को लेकर भी निकाला बांग्लादेश पर गुस्साउन्होंने कहा कि आपकी पूर्व पीएम वहां पर हैं, आप उनको वापस लेकर नहीं आ पा रहे हैं. उल्टा आप क्या कर रहे हैं, वहां के पीएम को अपने शपथ ग्रहण समारोह में बुला रहे हैं. कमाल है, थोड़ा सा तो आपको अपने स्टैंड पर खड़े होना चाहिए. मैं तो ऐसी चीजें पसंद नहीं करता हूं. मैं समझता हूं कि ये बांग्लादेश के कानून और बांग्लादेशियों की भी कमजोरी है कि वह अपनी प्रधानमंत्री को वापस नहीं ला पा रहे हैं.
पाक एक्सपर्ट कमर चीमा ने कहा, 'बांग्लादेशी खुद को कमजोर समझते हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उन्हें ऐसा स्टैंड रखना चाहिए और मुझे तो चीजें ठीक होती नजर नहीं आ रही हैं. शेख हसीना इस समय सबसे बड़ी चुनौती हैं और अगर बांग्लादेशी उनको वापस अपने देश न ले जा सके तो फिर क्या मतलब, ये बातें हैं सिर्फ आप अपनी स्थिति मजबूत करें न.





