
बांग्लादेश में नई सरकार, पीएम पद की शपथ लेंगे तारिक रहमान? जानिए किन देशों को मिला न्योता
ABP News
Bangladesh PM Swearing-in: BNP ने भारत के साथ बेहतर संबंध बनाने की इच्छा जताई है. पार्टी ने कहा कि वह आपसी सम्मान और एक-दूसरे की चिंताओं को समझते हुए भारत के साथ मिलकर काम करना चाहती है.
बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन की तैयारी शुरू हो गई है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की नई चुनी गई सरकार मंगलवार को शपथ लेने जा रही है. पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान के नेतृत्व में बनी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने 13 देशों के नेताओं को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है.
किन देशों को मिला न्योतारिपोर्ट के मुताबिक जिन देशों को आमंत्रित किया गया है उनमें भारत, चीन, सऊदी अरब, तुर्किये, पाकिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं. शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रीय संसद के साउथ प्लाज़ा में होगा. हाल ही में हुए 2026 के आम चुनाव में BNP को बड़ी जीत मिली थी.
पीएम मोदी को लेकर बयानBNP नेता एएनएम एहसानुल हक मिलन ने शनिवार को उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस समारोह में बुलाया जाएगा. ढाका में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया के सभी नेताओं को न्योता दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, 'यह सामान्य शिष्टाचार है. आयोजक यह काम करेंगे. हमें उम्मीद है कि पूरी दुनिया हमारे साथ होगी.'
BNP ने अपनी जीत पर बधाई संदेश देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद भी किया. पार्टी ने एक्स पर लिखा, 'माननीय नरेंद्र मोदी जी, आपके संदेश के लिए बहुत धन्यवाद. राष्ट्रीय चुनाव में BNP की निर्णायक जीत में तारिक रहमान के नेतृत्व को स्वीकार करने के लिए हम आभारी हैं.'





