
AI समिट में शर्टलेस प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, कांग्रेस के चारों कार्यकर्ता गिरफ्तार, लगेंगी ये धाराएं
ABP News
India AI Impact Summit 2026: दिल्ली के भारत मंडपम में शर्टलेस प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है. चारों आरोपियों को गिरफ्तार करके पटियाला कोर्ट ले जाया जाएगा.
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में हुए शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने सभी चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. ये सभी इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के नेता हैं और पुलिस ने उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है.
दिल्ली पुलिस ने FIR में कई गंभीर धाराएं लगाईं
दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ हाथापाई भी की थी. FIR में कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें सार्वजनिक जगह पर अश्लीलता फैलाना, पुलिस के साथ मारपीट और कानून-व्यवस्था भंग करने जैसे आरोप शामिल हैं. पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने समिट के हॉल नंबर 5 में प्रवेश के लिए पहले से QR कोड बनवाया था और टी-शर्ट को स्वेटर के नीचे छुपाकर अंदर ले गए थे.
सूत्रों के मुताबिक,गिरफ्तार यूथ कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों ने पहले काले छाते पर प्रिंट स्टिकर लगाकर मंडपम में घुसने की प्लॉनिंग की थी. फिर इन्हें लगा कि काले छाते गेट पर चेकिंग के दौरान पकड़े जाएंगे. फिर इन्होंने प्लान बदलकर टी शर्ट पर प्रिंट स्टिकर लगवाए. स्टीकर प्रिंट कहां हुए इसकी जांच चल रही है.













