
'प्लानिंग से QR कोड बनाया, स्वेटर के नीचे छिपाई शर्ट', दिल्ली पुलिस ने बताया AI समिट में कांग्रेस ने प्रदर्शन का कैसे बनाया प्लान
ABP News
India AI Impact Summit 2026 Protest: इंडिया समिट में हुए प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस का कहना है कि कांग्रेसी पूरी प्लानिंग से टी-शर्ट छिपाकर घुसे थे.
भारत AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारत मंडपम में हुए शर्टलेस प्रदर्शन की जांच में दिल्ली पुलिस ने इसे साजिश करार दिया है. ACP देवेश कुमार महला ने कहा है कि प्रदर्शनकारी पहले से QR कोड बनाकर तैयार होकर आए थे और टी-शर्ट को स्वेटर-जैकेट के नीचे छुपाकर अंदर घुसे थे.
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर QR कोड हासिल किया
ACP महला ने मीडिया को बताया, 'ये लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर QR कोड हासिल कर चुके थे. उन्होंने QR कोड स्कैन करके एंट्री ली. स्वेटर और जैकेट पहने हुए थे, जिससे बाहर से कुछ पता नहीं चल रहा था. हॉल नंबर 5 की लॉबी में पहुंचकर उन्होंने स्वेटर और शर्ट उतार दिए, टी-शर्ट को लहराकर प्रदर्शन किया और नारे लगाए.'
ACP महला ने आगे कहा, 'चार लोगों को हिरासत में लिया गया है. बाकी की पहचान की जा रही है. हम स्ट्रांग लीगल एक्शन लेंगे.' महला ने जोर देकर कहा कि अगर कुछ लोग एक साथ इकट्ठे होकर ऐसी हरकत करते हैं तो ये प्री-प्लानिंग के बिना संभव नहीं है. पुलिस इस एंगल से पूरी जांच कर रही है कि ये प्रदर्शन कैसे प्लान हुआ और इसमें कितने लोग शामिल थे.













