
Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 26 मार्च 2026 की शाम की टॉप खबरें और अन्य समाचार
AajTak
नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीज़ल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया. वहीं पीएम मोदी शुक्रवार शाम वेस्ट एशिया संकट पर मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे.
नायरा एनर्जी कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम को वेस्ट एशिया संकट को लेकर मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे. इन खबरों के अलावा, BCCI ने IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी नहीं कराने का फैसला लिया है. पढ़ें गुरुवार शाम की बड़ी खबरें.
7000 पंपों पर अचानक 5 रुपये लीटर पेट्रोल हुआ महंगा, डीजल भी 3 रुपये बढ़ा
नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में इज़फा कर दिया है. पेट्रोल की कीमत 5 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की कीमत 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ी है. यह पहली तेल कंपनी है, जो कच्चे तेल के दाम बढ़ने पर पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है. ये बढ़ोतरी देश भर में मौजूद 102,075 पेट्रोल पंपों में से 6,967 पंपों पर हुआ है.
पीएम मोदी सभी राज्यों के CM से कल करेंगे बात, वेस्ट एशिया के हालात पर होगी चर्चा
PM नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम को मिडिल ईस्ट में जारी जंग को लेकर मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे. PM की ये बातचीत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिये होने वाली है. आचार संहिता लागू होने के कारण चुनाव वाले राज्यों को इस बैठक में शामिल नहीं किया जाएगा. इन राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ अलग से बैठक कैबिनेट सचिवालय के माध्यम से आयोजित की जाएगी.
'इतनी जल्दबाजी में क्यों', महिला आरक्षण पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसदीय कार्य मंत्री को लिखा पत्र

मुंबई में अब तक 85 लोगों ने गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में पैसिव यूथेनेशिया के लिए अपनी सहमति जताई है. शिवसेना (यूबीटी) के बीएमसी समूह नेता अमेय घोले ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के 24 जनवरी 2023 के निर्देशों के अनुसार स्थानीय निकायों के लिए ‘एडवांस मेडिकल डायरेक्टिव’ (AMD) या ‘लिविंग विल’ को स्वीकार करना, सुरक्षित रखना और प्रबंधित करना अनिवार्य है. लिविंग विल एक लिखित दस्तावेज होता है, जिसमें व्यक्ति पहले से यह तय करता है कि भविष्य में गंभीर स्थिति में वह किस तरह का इलाज लेना या न लेना चाहता है. इस पहल से लोगों में अपने चिकित्सा अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ रही है.

वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान संघर्ष के असर ने कश्मीर के वसंत पर्यटन पर भी असर डालना शुरू कर दिया है. श्रीनगर के बादामवारी और ट्यूलिप गार्डन में फूल पूरी तरह खिले हुए हैं, लेकिन पर्यटकों की संख्या उम्मीद से कम नजर आ रही है. भू-राजनीतिक अस्थिरता और ऊर्जा संकट की आशंका के चलते कई पर्यटक अपनी यात्रा टाल रहे हैं, जिससे पर्यटन कारोबार को झटका लगा है. इससे कश्मीर में पर्यटन से जुड़े व्यवसाय को नुकसान पहुंचा है.

मणिपुर में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन... उखरूल में 6 अवैध बंकर ध्वस्त, हिंसा रोकने के लिए बड़ी तैनाती
मणिपुर के उखरूल जिले में सुरक्षाबलों ने 6 अवैध बंकर ध्वस्त कर दिए हैं. लितान इलाके में कुकी और नागा समुदायों के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह बड़ा एक्शन लिया गया है. क्या है पूरा मामला? जानने के लिए पढ़ें ये पूरी कहानी.










