
60 करोड़ फ्रॉड केस में फंसे शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा, आरोपों को बताया 'निराधार'
AajTak
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं. शिल्पा ने इन आरोपों को निराधार बताया है और न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग का भरोसा जताया है. मामला मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज किया गया है.
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में 'निराधार' रिपोर्ट्स को खारिज किया है. मंगलवार, 17 दिसंबर को खबर आई थी कि आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शिल्पा और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है. इसे लेकर शिल्पा ने एक पोस्ट शेयर की है.
शिल्पा ने जारी किया बयान
अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शिल्पा शेट्टी ने लिखा, 'हम प्रसारित की जा रही निराधार और प्रेरित आरोपों को स्पष्ट रूप से अस्वीकार करते हैं. जिन मुद्दों को उठाया जा रहा है, उन्हें बिना किसी कानूनी आधार के आपराधिक रंग दिया जा रहा है. माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष पहले ही मामला रद्द करने की याचिका दाखिल की जा चुकी है और वह विचाराधीन है.'
अपने आधिकारिक बयान में शिल्पा ने आगे आगे लिखा, 'जांच में पूरी तरह सहयोग करने के बाद हमें विश्वास है कि न्याय होगा और हमें हमारे देश के कानून प्रवर्तन अधिकारियों और न्यायिक व्यवस्था में पूरा विश्वास है. हम सम्मानपूर्वक मीडिया से अनुरोध करते हैं कि मामले के न्यायिक विचाराधीन होने के कारण संयम बरतें.'
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स में कहा गया था कि शिकायतकर्ता के वकीलों के जमा किए दस्तावेज के आधार पर, ईओडब्ल्यू ने अपनी जांच के दौरान नए आरोप जोड़ने के लिए पर्याप्त सामग्री पाई. इस विकास के साथ, कथित धोखाधड़ी मामले में जांच का दायरा और बढ़ने की उम्मीद है. बयान में यह भी कहा गया कि शिकायतकर्ता प्रवर्तन निदेशालय से अपराध में शामिल कथित धनराशि की पहचान, ट्रेसिंग और जब्त करने के लिए कानून के अनुसार संपर्क करने का इरादा रखता है. इसके अलावा शिकायतकर्ता मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत संपत्तियों की कुर्की की मांग करेगा.













