
संसद पहुंचा 'सरके चुनर तेरी' सॉन्ग विवाद, अश्विनी वैष्णव बोले- गाने पर लगाया बैन
AajTak
कन्नड़ फिल्म 'KD: The Devil' का गाना 'सरके चुनर' ऑनलाइन रिलीज होने के तुरंत बाद ही अपने अश्लील बोल और भड़काऊ दृश्यों के कारण एक बड़े विवाद का कारण बन गया. अब इस पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपनी बात रखी है.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि नोरा फतेही के विवादित गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' पर बैन लगा दिया गया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी उचित पाबंदियों के दायरे में ही होनी चाहिए, जो समाज और संस्कृति का सम्मान करती हों.
लोकसभा में बोलते हुए वैष्णव ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी पूरी तरह से असीमित नहीं हो सकती. उन्होंने कहा, 'इस गाने पर बैन लगा दिया गया है. हमें बोलने की आजादी के तहत तय की गई उचित पाबंदियों के हिसाब से ही काम करना चाहिए. बोलने की आजादी पूरी तरह से असीमित नहीं हो सकती; इसे समाज और संस्कृति के संदर्भ में ही देखा जाना चाहिए.'
दरअसल, यह मुद्दा निचले सदन में समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने उठाया था. उन्होंने सरकार से इस विवादित गाने के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था.
क्या है गाने पर विवाद?
इस गाने में एक्ट्रेस नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए थे. यह गाना आने वाली कन्नड़ फिल्म 'केडी: द डेविल' का है. ऑनलाइन रिलीज होते ही यह गाना एक बड़े विवाद में घिर गया था. कई दर्शकों ने इसके लिरिक्स को अब तक का सबसे अश्लील और इसके सीन को काफी सेक्शुअल बताते हुए इस पर आपत्ति जताई.
इस गाने का हिंदी वर्जन इसी हफ्ते की शुरुआत में यूट्यूब पर अपलोड किया गया था. गाने पर विरोध तेज होने पर इसे बाद में हटा दिया गया. हालांकि कन्नड़, मलयालम, तेलुगु और तमिल भाषाओं वाले वर्जन अभी भी वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं. यह फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली है और ये एक पैन इंडिया रिलीज है.

मनोरंजन की दुनिया में मंगलवार, 17 मार्च का दिन रोमांच के साथ-साथ विवादों भरा भी रहा. इस दिन सारा अली खान को लेकर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष ने अजब-गजब बयान दिया. दूसरी तरफ अक्षय कुमार को लेकर बड़ी खबर सामने आई. फिल्म रैप में जानिए, बॉलीवुड, टीवी, साउथ सिनेमा समेत एंटरटेनमेंट की बड़ी खबरें.












