
सलमान-आमिर के बाद कादर खान, चला सुनील ग्रोवर की मिमिक्री का जादू, मुरीद हुए सेलेब्स
AajTak
द ग्रेट इंडियन कपिल शो में सुनील ग्रोवर ने दिवंगत अभिनेता कादर खान की ऐसी मिमिक्री की कि हर कोई हैरान रह गया. गजराज राव, कुशा कपिला समेत कई सितारों ने उनकी जमकर तारीफ की और उनके अभिनय को अद्वितीय बताया.
कॉमेडियन-एक्टर सुनील ग्रोवर जो करें वो गजब है. ये कहना अब बिल्कुल भी गलत नहीं होगा. क्योंकि सुनील जिस भी एक्टर की नकल को करने की ठानते हैं वो हू-ब-हू उसमें ढल जाते हैं. वो चाहे सलमान खान हो, आमिर खान या अब कादर खान. शायद ही आपने कभी किसी को आर्टिस्ट को कादर खान की नकल उतारते इतने बेहतरीन तरीके से देखा होगा.
सुनील ग्रोवर की धूम
हाल के द ग्रेट इंडियन कपिल शो के एपिसोड में वरुण धवन, डेविड धवन ने शिरकत की. स्पेशल एपिसोड में सुनील ग्रोवर ने दिवंगत एक्टर कादर खान की मिमिक्री की. उनकी एक्टिंग स्किल और नकल उतारने के तरीके को देख हर कोई हैरान रह गया. उनके क्लिप्स खूब वायरल हो रहे हैं. वहीं गजराज राव, कुशा कपिला, सलीम मर्चेंट समेत कई सेलेब्स उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.
गजराज राव ने सुनील की कई तस्वीरें शेयर कर एक एप्रीसिएशन पोस्ट किया. वो लिखते हैं- सुनील ग्रोवर का फैन हूं, जो करते हैं दिल को भाता है. कपिल देव बन कर मंच पर आते हैं, तो कपिल देव उनको कौतुक से देखते रह जाते हैं. सलमान का रूप धरते हैं तो सलमान दिखने लगते हैं, दारा सिंह, सिद्धू ,आमिर खान, राजामौली कुछ भी बन जाते हैं. कल के कपिल शर्मा शो एपिसोड में कादर खान बन कर आ गए. लगा कि साक्षात कादर खान मंच पर हैं.
'ग्रोवर मिमिक नहीं करते हैं, उस इंसान की आत्मा में घुस जाते हैं. बोल चाल, हाव भाव सबको आत्मसात कर लेते हैं. ग्रोवर हमारे समय के सबसे बड़े बहरूपिया हैं, उनकी कला दिव्य है, वे अद्वितीय हैं. उनके संग कमाल की जुगलबंदी करने वाले कीकू शारदा, कृष्णा अभिषेक, कपिल शर्मा, सबका अभिनंदन. शो के राईटर्स, ग्रोवर की मेकअप और कॉस्ट्यूम टीम को सलाम. निर्देशक को सलाम, अर्चना जी, सिद्धू साब को सलाम. आप सब की मिलीजुली कारीगरी के बगैर ये जादू संभव नहीं. शुक्रिया कपिल शर्मा एंड मंडली, दुनिया को हंसाने के लिए इतनी सारी खुशियां बांटने के लिए.'
वहीं कुशा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सुनील के उस वीडियो को दोबारा शेयर किया, जिसमें वो कादर की नकल कर रहे थे. उन्होंने उनके परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए कहा कि वो हर बार कमाल कर देते हैं और वो उनका एक्ट देखना कभी मिस नहीं करतीं.













