
रणबीर की 'रामायणम्' में हुई पंचायत फेम एक्टर की एंट्री, निभाएंगे कुंभकर्ण का किरदार
AajTak
नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायणम्’ इस साल की सबसे मचअवेटेड फिल्मों में से एक हैं. फिल्म को लेकर हर दिन कुछ न कुछ अपडेट आते ही रहते हैं, अब इस फिल्म के साथ एक एक्टर का नाम जुड़ा है.
फिल्ममेकर नितेश तिवारी की सबसे बड़ी और मचअवेटेड फिल्म 'रामायणम्' जब से अनाउंस हुई है, तब से ही इसकी कास्टिंग को लेकर काफी चर्चा हो रही है. पहले एक्टर बॉबी देओल का नाम रावण (यश) के छोटे भाई कुंभकर्ण के रोल के लिए सामने आया था, लेकिन अब इस रोल के लिए नए एक्टर के नाम पर मुहर लग गई है.
HT की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के एक्टर फैसल मलिक, जो 'पंचायत' में अपने रोल के लिए जाने जाते हैं, वो इस ताकतवर योद्धा का रोल निभाएंगे. उन्होंने फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा कर लिया है, जो इस दिवाली पर रिलीज होने वाली है.
पहला शेड्यूल हुआ पूरा एक सूत्र ने बताया, 'फैसल मलिक मुंबई के प्राइम फोकस स्टूडियो में कुंभकर्ण के इंट्रोडक्शन सीन के लिए यश के साथ शामिल हुए थे, जिसे एक इंटरनेशनल एक्शन टीम के साथ शूट किया गया था. ये सीन ग्राफिक्स से भरे हुए हैं - बिल्कुल फिल्म 'अवतार' की तरह.'
सूत्र ने आगे बताया कि दूसरे पार्ट के बड़े फाइट सीन अभी शूट होने बाकी हैं. उन्होंने कहा, 'उनकी लंबाई और भारी-भरकम शरीर इस किरदार के लिए एकदम सही हैं.' हालांकि 'रामायणम्' की टीम ने अभी तक कास्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, और फैसल मलिक ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.
राघव जुयाल का भी जुड़ा नाम इस बीच एक्टर राघव जुयाल का नाम रावण के बेटे मेघनाद के रोल के लिए सामने आया है. हालांकि इसकी भी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है. खबरों के मुताबिक, फिल्म का पहला लुक रामनवमी (27 मार्च) को गेटवे ऑफ इंडिया पर रिलीज होने वाला था, लेकिन मिडिल ईस्ट में चल रहे संकट की वजह से इसे टाल दिया गया है. तब तक कास्ट के नामों को सीक्रेट रखा गया है.
ये सितारे दिखाई देंगे फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा कास्ट में हनुमान के रोल में सनी देओल, लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे, दशरथ के रोल में अरुण गोविल, कौशल्या के रोल में इंदिरा कृष्णन, कैकेयी के रोल में लारा दत्ता, मंथरा के रोल में शीबा चड्ढा, विद्युतजिह्वा के रोल में विवेक ओबेरॉय और मंदोदरी के रोल में काजल अग्रवाल शामिल हैं.













