
'बुलेटप्रूफ कार के बिना नहीं चल सकता, कब गोली... ', राशिद खान का छलका दर्द
AajTak
अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर राशिद खान ने खुलासा किया है कि उन्हें अपने देश में सुरक्षा कारणों से बुलेटप्रूफ कार में ही सफर करना पड़ता है. केविन पीटरसन के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि सुरक्षा हालात की अनिश्चितता के चलते यह उनके लिए ज़रूरी है.
अफगानिस्तान के क्रिकेट सुपरस्टार राशिद खान ने अपने देश में यात्रा के दौरान अपनाए जाने वाले असाधारण सुरक्षा इंतज़ामों को लेकर खुलकर बात की है. उन्होंने खुलासा किया कि अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए उन्हें बुलेटप्रूफ कार का इस्तेमाल करना पड़ता है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन के साथ एक इंटरव्यू के दौरान राशिद ने बताया कि अफगानिस्तान में उनके लिए आज़ादी से घूमना संभव नहीं है, जिसे सुनकर पीटरसन भी हैरान रह गए.
जब उनसे पूछा गया कि घर पर उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी कैसी होती है, तो राशिद ने साफ कहा, 'कोई चांस ही नहीं. मैं सामान्य कार में भी नहीं जा सकता. मुझे बुलेटप्रूफ कार ही लेनी पड़ती है. मैं सिर्फ अपनी बुलेटप्रूफ कार में ही सफर करता हूं.'
यह भी पढ़ें: अफगानी क्रिकेटर्स की मौत से टूट गए राशिद खान... X के बायो से PSL टीम का नाम हटाया
चौंक गए पीटरसन
पीटरसन यह सुनकर चौंक गए और उन्होंने पूछा कि इतनी कड़ी सुरक्षा की ज़रूरत क्यों पड़ती है. इस पर राशिद ने बेहद शांत लहजे में समझाया कि भले ही वह सीधे तौर पर किसी के निशाने पर नहीं हैं, लेकिन सुरक्षा हालात की अनिश्चितता के चलते यह सुरक्षा बेहद ज़रूरी हो जाती है. राशिद ने कहा कि कब आप कहां फंस जाएंगे इसका अंदाजा भी नहीं. कब कौन सी गोली कहां से आए. इसलिए ऐसा करना पड़ता है.
राशिद ने आगे कहा कि यह गाड़ी खास तौर पर उनके लिए बनवाई गई है और अफगानिस्तान में इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था कोई असामान्य बात नहीं है.













